पानीपत: 1.5 करोड़ की फिरौती के लिए अपहरण, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल
पानीपत में XEN के बेटे का अपहरण, 1.5 करोड़ की फिरौती की मांग। हरियाणा पुलिस ने 11 घंटे में रोहतक में मुठभेड़ के बाद बच्चे को सुरक्षित बचाया। 2 बदमाश घायल।
पानीपत : हरियाणा में पानीपत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 वर्षीय अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे के अपहरण के बाद बदमाशों ने उसके परिजनों से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रोहतक में बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार पानीपत पुलिस को दी शिकायत में महिला XEN सुनीता ने बताया था कि वह थर्मल कॉलोनी की रहने वाली है। वह थर्मल प्लांट में बतौर XEN पद पर तैनात है। वह दो बच्चों की मां है। उसका छोटा बेटा कबीर (12) है, जोकि 7वीं कक्षा में पढ़ता है। 12 जून की शाम करीब 5 बजे वह अपने बेटे को घर पर छोड़कर दफ्तर गई थी।
बाद में जब रात करीब 9:30 बजे आकर उसने चेक किया, तो बेटा घर पर नहीं था। उसने अपने बेटे की तलाश की, लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की शिकायत थर्मल कॉलोनी चौकी पुलिस को दी गई।
व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी
सुनीता ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान उसके पास एक व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई। इसमें बदमाशों ने बच्चा उनके पास होने की बात कही। साथ ही डेढ़ करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी थी। फ़िरौती न देने पर बच्चों के साथ बुरा अंजाम होने की बात कही थी। यह सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस की टीम में बदमाशों का पता लगाने में जुट गई थी। रोहतक के अलावा पानीपत और गोहाना की टीम को भी बदमाशों के पीछे लगाया गया था।
शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश रोहतक जिले में है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बदमाशों ने पुलिस पर भी फायरिंग शुरू कर दी। इतना ही नहीं पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने चलती गाड़ी से बच्चे को बाहर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को सकुशल बरामद कर उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।
वहीं, जब पुलिस पर फायरिंग हुई तो पुलिस ने भी फायरिंग की। जिस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें पकड़ लिया गया। गाड़ी से महिला आरोपी को भी पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पानीपत नंबर की गाड़ी में सवार थे। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विशाल निवासी थर्मल कॉलोनी और आदेश निवासी सुंदर नगर पानीपत के रूप में हुई है। महिला की पहचान शारदा निवासी गांव भराण रोहतक के रूप में हुई है। दोनों घायल आरोपियों को सीएससी किलोई में भर्ती करवाया, जहां पट्टी करने के बाद उन्हें पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस को आरोपियों की गाड़ी से दो पिस्टल, दो चाकू भी मिले है।
साजिश में एक छात्र भी शामिल, घर से बुलाकर लाया था
पुलिस पूछताछ में एक और बड़ी बात सामने आई है कि बच्चा गाड़ी में घूमने और गाड़ी चलाने का शौकीन था। इस बात का एक छात्र को पता था। शुक्रवार शाम को यही छात्र बच्चे को घर से गाड़ी में घूमने के बहाने लेकर बाहर की ओर आया था। इसके बाद बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया।
पहले गाड़ी UP की ओर ले गए। यूपी से ही व्हाट्सएप कॉल पर फिरौती की मांग की गई थी। रात भर बदमाश गाड़ी को इधर-उधर घुमाते रहे और फिर रोहतक की ओर ले गए, जहां पुलिस ने इन्हें घेर लिया।
पानीपती सीआईए इंचार्ज विरेंद्र के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी छात्र के परिवार से परिचित हैं। उन्हें पता था कि माता पिता दोनों ही सरकारी जॉब हैं, तो पैसा मिलना आसान होगा। इसी के चलते आरोपियों ने वारदात की और डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी। आरोपी वारदात में 11 घंटे के भीतर पकड़े गए।
पता किया जा रहा है कि किडनैप की इस वारदात में तीनों के अलावा और कौन-कौन शामिल है। तीनों के क्रिमिनल रिकॉर्ड का भी पता किया जा रहा है। उस छात्र का भी पता किया जा रहा है, जो बच्चे को घर से बुलाकर ले गया था।
DGP अजय सिंघल ने पुलिस टीम को दी बधाई, 1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस सफल अभियान के लिए पूरी पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चे की सकुशल बरामदगी हरियाणा पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता, समर्पण एवं पेशेवर कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने परिजनों से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए पुलिस को उत्तर प्रदेश की ओर गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की तकनीकी एवं फील्ड टीमों ने सूझबूझ और बेहतर समन्वय का परिचय देते हुए उनकी वास्तविक लोकेशन का पता लगाया और रोहतक क्षेत्र से उन्हें काबू कर लिया।
हरियाणा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और पेशेवर कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण
अपहरण जैसी गंभीर वारदात के बाद मात्र 11 घंटे के भीतर बच्चे की सकुशल बरामदगी, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पूरे ऑपरेशन का सफल निष्पादन हरियाणा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली को दर्शाता है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।