रेवाड़ी: अवैध होर्डिंग्स से बढ़ रहा हादसों का खतरा, प्रशासन की अनदेखी जारी
रेवाड़ी में अवैध होर्डिंग्स का जाल आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल। पढ़ें कैसे राजस्व के नुकसान के साथ बढ़ रहा हादसों का डर।
रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले में अवैध होर्डिंग्स का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ये होर्डिंग्स न केवल संभावित हादसों का कारण बन रहे हैं, बल्कि सरकार को लाखों-करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान भी पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। गढ़ी बोलनी रोड पर कई बड़े होर्डिंग्स क्षतिग्रस्त अवस्था में हवा में झूल रहे हैं, जो कभी भी गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कुछ समय पूर्व इसी मार्ग पर एक होर्डिंग गिरने की घटना भी सामने आ चुकी है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और उसी स्थान पर दोबारा होर्डिंग्स लगाए जाने की अनुमति दे दी गई।
जानकारी के अनुसार शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में 600 किलोग्राम से अधिक वजन वाले लोहे के अनेक होर्डिंग्स लगे हुए हैं। इनमें से कई सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते और तेज हवा या खराब मौसम में कभी भी गिर सकते हैं। प्रशासनिक निगरानी के अभाव में पूरे जिले में अवैध होर्डिंग्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिल्ली रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर भी बड़ी संख्या में अवैध होर्डिंग्स लगे हुए हैं। गांव हांसाका के समीप पूर्व में एक होर्डिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
इस दुखद घटना के बावजूद अब तक अवैध ढांचों को हटाने के लिए कोई व्यापक अभियान नहीं चलाया गया है। इन होर्डिंग्स के कारण जहां सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, वहीं यातायात सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर निजी भवनों और मकानों की छतों पर भी नियमों की अनदेखी कर विज्ञापन बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जिले में लगे सभी अवैध होर्डिंग्स की तत्काल जांच कर उन्हें हटाया जाए तथा नियमों की अवहेलना करने वालों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में रेवाड़ी के उपायुक्त अभिषेक मीणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।