बहादुरगढ़: पैरा तैराक रिद्धि जोशी ने नेशनल चैंपियनशिप में जीते 3 गोल्ड

बहादुरगढ़ की रिद्धि जोशी ने बेंगलुरु में आयोजित 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण पदक जीतकर नाम रोशन किया। एकेडमी में हुआ भव्य स्वागत।

बहादुरगढ़ : बेंगलुरु में आयोजित 26वीं जूनियर और सब-जूनियर नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में बहादुरगढ़ की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी की  तैराक रिद्धि जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

8 जून से 10 जून 2026 तक बेंगलुरु के काडुगोडी में संपन्न हुई  26वीं जूनियर और सब जूनियर नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप  में रिद्धि जोशी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। चैंपियनशिप में भाग लेते हुए रिद्धि जोशी ने कड़े मुकाबले के बीच बेहतरीन समय दर्ज किया। प्रतियोगिता की एस-10 कैटेगरी में भाग लेते हुए 50 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में 33.00 सेकंड के साथ गोल्ड, 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 38.00 सेकंड के साथ गोल्ड और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में 1 मिनट 22 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मैडल अपने नाम किए।

बेंगलुरु से पदक जीतकर लौटी तैराक का चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में स्वागत किया गया। एचएल सिटी  स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन और भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने विजेता तैराक का स्वागत किया और उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि गर्व का ये क्षण कोच और तैराक की मेहनत और लग्न के सार्थक प्रयासों से आया है। अनिल खत्री ने विजेता तैराक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। यह जीत न केवल तैराक के कठिन परिश्रम का परिणाम है, बल्कि हरियाणा में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को भी दर्शाती है। इस मौके पर अकादमी के कोच साई दिलीप जाधव और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने तैराक  को सम्मानित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.