युवाओं में बढ़ रही फैटी लीवर की समस्या: जंक फूड और खराब लाइफस्टाइल जिम्मेदार

जंक फूड और बदलती जीवनशैली से युवाओं में फैटी लीवर, कब्ज और मोटापे की समस्या बढ़ी। जानें डॉक्टर की सलाह और कैसे रखें अपने लीवर को स्वस्थ।

भिवानी। जंक फूड और बदलती जीवनशैली के कारण युवाओं में फैटी लीवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि प्रतिदिन ओपीडी में औसतन 10 से 15 मरीज लीवर संबंधी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं, जिनमें अधिकतर युवा शामिल होते हैं।

उन्होंने बताया कि जंक फूड में इस्तेमाल होने वाला उच्च वसा युक्त तेल, मैदा और अधिक नमक युवाओं में मोटापा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों का कारण बन रहा है। फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसमें पौष्टिक तत्वों और फाइबर की कमी होती है जिससे कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि बच्चों में फास्ट फूड का अधिक सेवन उनके शारीरिक विकास में भी बाधा बन सकता है। उन्होंने लोगों को ताजे फल और सब्जियों का अधिक सेवन करने तथा घर का बना शुद्ध भोजन खाने की सलाह दी ताकि लीवर को फैटी होने से बचाया जा सके। इसके साथ ही नियमित व्यायाम करने की भी सलाह दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.