कानपुर देहात: अवैध संबंधों का राज खुला तो देवर-भाभी ने कर दी युवती की हत्या
कानपुर देहात के मंगलपुर में देवर-भाभी को आपत्तिजनक हालत में देखने वाली युवती की हत्या। शव को दरी में लपेटकर सेंगुर नदी में फेंका। एक महिला गिरफ्तार।
उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां देवर और भाभी के अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से एक युवती की निर्मम हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को दरी में लपेटकर नदी में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मंगलपुर थाना क्षेत्र के चंदकुरा गांव में 5 जून को हुई ज्योति की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि ज्योति ने अपने ही घर में भाभी और देवर को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. इसके बाद दोनों को डर था कि उनका राज परिवार और समाज के सामने उजागर हो जाएगा.
हत्याकर शव नदी में फेंका
पुलिस के मुताबिक इसी डर से देवर और भाभी ने ज्योति को रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोप है कि घर के भीतर ही चाकू से गला रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात के बाद शव को दरी में लपेटा गया और उसे सेंगुर नदी में फेंक दिया गया ताकि घटना को छिपाया जा सके. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने में मृतका के पिता सहित अन्य लोगों की भी भूमिका रही.
आरोपी घर छोड़कर फरार
8 जून को सेंगुर नदी में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. मामला खुलने की आशंका के चलते आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने मुंबई भागने की कोशिश कर रही भाभी को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है.
फिलहाल मुख्य आरोपी देवर, ससुर, एक रिश्तेदार और शव ले जाने में इस्तेमाल कार चालक की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह हत्याकांड पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.