फरीदाबाद: मंत्री विपुल गोयल का सनफ्लैग चौक का निरीक्षण, विकास पर बड़ा बयान

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद के सनफ्लैग चौक का निरीक्षण किया। विकास कार्यों में बाधा डालने वालों को 'राक्षस' बताया और नगर निगम जांच पर दी बड़ी प्रतिक्रिया।

फरीदाबाद: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित सनफ्लैग चौक पर पहुंचकर हाल ही में हुए सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया. मंत्री ने चौक के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए शहर के समग्र विकास का संकल्प दोहराया.

पूरे शहर में होगा सौंदर्यीकरण और विकास: निरीक्षण के दौरान विपुल गोयल ने कहा कि, “जिस तरह सनफ्लैग चौक को सुंदर और व्यवस्थित बनाया गया है, उसी प्रकार पूरे फरीदाबाद में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे.शहर को आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में लोगों को इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे.”

“राक्षसों” जैसी बाधाओं का किया जिक्र: मीडिया से बातचीत में मंत्री ने विकास कार्यों में बाधा डालने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि, “प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों की तपस्या में राक्षस विघ्न डालते थे. उसी तरह आज भी कुछ लोग फरीदाबाद के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं. इन प्रयासों के बावजूद विकास कार्य नहीं रुकेंगे. सभी बाधाओं को पार करते हुए हमारे सपनों का फरीदाबाद बनकर तैयार होगा.”

मेयर चुनाव पर मुख्यमंत्री के अधिकार का हवाला: नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि, “यदि पार्षद किसी नाम पर एकमत नहीं हो पाते हैं तो अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है. जिस प्रकार फाइनेंस कमेटी के सदस्यों की नियुक्ति की गई है, उसी प्रकार आवश्यकता पड़ने पर इन पदों पर भी नियुक्ति की जा सकती है.”

कृष्णपाल गुर्जर की मांग पर दिया जवाब: केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर द्वारा नगर निगमों की जांच की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए विपुल गोयल ने कहा कि, “कृष्णपाल गुर्जर मेरे बड़े भाई समान, वरिष्ठ और कद्दावर नेता हैं. उनके सुझावों और चिंताओं को गंभीरता से लिया जाएगा. फरीदाबाद नगर निगम को लेकर उठाए गए सवालों की जांच होगी और यदि पूरे हरियाणा के नगर निगमों की जांच का विषय सामने आता है तो इस पर मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.