करनाल: मेरठ रोड पर गोदाम में चोरी, CCTV में कैद हुई 15 मिनट की वारदात

करनाल के मेरठ रोड स्थित एक गोदाम में चोरों ने रिफाइंड तेल और चावल पर हाथ साफ किया। पूरी घटना CCTV में कैद। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

करनाल: करनाल के मेरठ रोड स्थित एक गोदाम में तड़के चोरी की वारदात सामने आई है. यहां चोर गोदाम के ताले तोड़कर अंदर घुसे और 14 टीन रिफाइंड तेल तथा 3 कट्टे चावल चोरी कर फरार हो गए. सुबह जब गोदाम मालिक मौके पर पहुंचा तो टूटे हुए ताले देखकर उसके होश उड़ गए. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात: वहीं, चोरों की यह पूरी हरकत गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सुबह करीब 4 बजकर 32 मिनट पर एक गाड़ी गोदाम के पास आकर रुकती है. इसके बाद एक शख्स ताला तोड़कर अंदर जाता है और बड़ी तेजी से चोरी की वारदात को अंजाम देकर निकल जाता है.पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है.

15 मिनट में माल समेटकर हुए फरार : गोदाम मालिक ने बताया कि, “मैं शनिवार को गोदाम बंद कर घर चला गया था. सोमवार सुबह पहुंचने पर ताले टूटे मिले. पहले उसे लगा कि शायद ताले ठीक से बंद नहीं हुए होंगे, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी की सच्चाई सामने आ गई. फुटेज में आरोपी पहले गोदाम के अंदर खड़ी स्कूटी को बाहर निकालते हैं और फिर 14 टीन रिफाइंड तथा 3 कट्टे चावल वाहन में लोड करते दिखाई देते हैं. महज 15 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए.”

पुलिस ने शुरू की जांच : वहीं,घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद सिटी थाना करनाल में मामला दर्ज किया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके.

व्यापारियों में बढ़ी चिंता : घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी रोष और चिंता का माहौल है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मेरठ रोड क्षेत्र में पिछले काफी समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. छोटी दुकानों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक चोर निशाना बना चुके हैं. दुकानदारों का आरोप है कि कई बार पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आई.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल : लगातार चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं भी हो सकती हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और व्यापारियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.