नूंह: मिठाई खाकर एक ही परिवार के 9 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

नूंह के फिरोजपुर झिरका से खरीदे गए घेवर खाने से एक ही परिवार के 9 लोग बीमार हो गए। उल्टी-दस्त के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नूंह: हरियाणा के नूंह में घेवर खाने से एक ही परिवार के नौ लोग बीमार हो गए. उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालात में सुधार होने के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई. अंजुम खान ने बताया कि उन्होंने फिरोजपुर झिरका की मिठाई की दुकान से घेवर खरीदा था. जिसे खाने के बाद परिवार के नौ लोग बीमार हो गए. हालत बिगड़ने के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. ठीक होने के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

घेवर खाने से एक ही परिवार के 9 लोग बीमार: नूंह की हिदायत कॉलोनी के वार्ड नंबर-4 निवासी अंजुम खान ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य फिरोजपुर झिरका से चावल मिष्ठान भंडार से घेवर खरीदकर लाए थे. घर पहुंचने के बाद परिवार के कई सदस्यों ने घेवर खाया, जिसके कुछ समय बाद उन्हें अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई. परिवार के कुछ अन्य सदस्यों ने रात में घेवर खाया था, जिनकी तबीयत भी बाद में खराब हो गई.

उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत: जिन-जिन लोगों ने घेवर खाया, वो सभी बीमार हो गए. इनमें एक बच्चे ओवैस की हालत सबसे अधिक खराब हो गई. प्रभावित लोगों में अंजुम, जरीना, ओवैस, अर्श, सीरत, सदफ, सानिया सहित कुल नौ सदस्य शामिल थे. सभी को उपचार के लिए नूंह स्थित सिटी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सेहत में सुधार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी: मामले की पुष्टि करते हुए सिटी केयर अस्पताल के इंचार्ज डॉक्टर अमजद अली ने बताया कि सोमवार शाम करीब आठ बजे हिदायत कॉलोनी निवासी एक परिवार के पुरुष, महिला और बच्चे उल्टी, दस्त तथा पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे. कुछ मरीजों को हल्के बुखार की भी शिकायत थी. अस्पताल पहुंचते ही सभी का उपचार शुरू कर दिया गया और उनकी स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत में सुधार हुआ, जिसके चलते उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

दुकानदार के खिलाफ नहीं दी शिकायत: डॉक्टर अमजद अली के मुताबिक हिदायत कॉलोनी के 8 से 9 लोग उल्टी दस्त से पीड़ित लोग आए जिनका उपचार किया गया. सभी के स्वास्थ्य में सुधार है. उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. हालांकि परिजनों ने अभी तक मिठाई की दुकान के खिलाफ किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. वहीं परिवार ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए.

Leave A Reply

Your email address will not be published.