झज्जर: डीघल हत्याकांड का खुलासा, मुंबई से पकड़े गए 3 आरोपी
झज्जर पुलिस ने डीघल गांव के जितेंद्र हत्याकांड का खुलासा किया। मुंबई से नाबालिग सहित 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार। 25-25 हजार के इनामी भी शामिल।
झज्जर: पुलिस ने डीघल गांव के चर्चित जितेंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. हत्या के बाद फरार होकर मुंबई में छिपे आरोपियों को पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के जरिए दबोच लिया.
हत्या की सूचना मिलते ही शुरू हुई जांच: मामले में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि, “2 और 3 जून 2026 की मध्यरात्रि को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि गांव डीघल निवासी जितेंद्र को गोली मार दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जितेंद्र मृत अवस्था में मिला. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई.”
भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ केस: पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने आगे बताया कि, “मृतक के भाई सोमवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 12 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी. जब वह बाहर निकला तो उसका बड़ा भाई जितेंद्र, जो मकान के बाहर बने कमरे में सो रहा था, गोली लगने के कारण मृत पड़ा था. शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके साथियों पर संदेह जताया, जिसके आधार पर थाना दुजाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया.”
विशेष टीमों का गठन कर शुरू की तलाश: मामले के खुलासे के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया. सीआईए-2 बहादुरगढ़ के प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. लगातार निगरानी और सटीक अनुसंधान के चलते पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों का सुराग मिला.
मुंबई से गिरफ्तार हुए आरोपी: जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपांशु उर्फ डाबोदिया निवासी डाबोदा खुर्द और विशाल उर्फ हनुमानगढ़िया निवासी गांव कलाना, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मुंबई भाग गए थे और अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे.
आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने: पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल उर्फ हनुमानगढ़िया के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, अवैध हथियार रखने तथा संगठित अपराध से जुड़े छह मामले दर्ज हैं. वहीं दीपांशु उर्फ डाबोदिया पर भी हत्या सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. नाबालिग आरोपी की संलिप्तता भी हरियाणा और राजस्थान के गंभीर मामलों में पाई गई है.
दो आरोपियों पर था 25-25 हजार का इनाम: जांच में यह भी खुलासा हुआ कि विशाल उर्फ हनुमानगढ़िया और नाबालिग आरोपी राजस्थान के एक हत्या मामले में वांछित थे. दोनों पर राजस्थान पुलिस द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. झज्जर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों इनामी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस रिमांड पर चल रही पूछताछ: नाबालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. वहीं दीपांशु और विशाल को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिमांड के दौरान हत्या की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है. आगे पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा, “मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था. तकनीकी जांच, गुप्त सूचनाओं और पुलिस टीम की लगातार मेहनत के परिणामस्वरूप हत्या के मामले में शामिल तीन आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है. मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है.”