गाजियाबाद: शालीमार गार्डन 80 फुटा रोड का होगा विस्तार, 6 करोड़ खर्च होंगे
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में 80 फुटा रोड का होगा चौड़ीकरण। 6 करोड़ की लागत से मिलेगी जाम से मुक्ति। साथ ही वैशाली में स्ट्रीट लाइट की बर्बादी पर भी मचा बवाल।
गाजियबाद के शालीमार गार्डन के 80 फुटा रोड का नगर निगम विस्तार करेगा। इसके लिए करीब छह करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। सड़क कम से कम दो लेन की होगी। सड़क के चौड़ीकरण करने के साथ सेंट्रल वर्ज बनेगा और इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है और अगले माह से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शालीमार गार्डन का 80 फुटा रोड प्रमुख संपर्क मार्ग है। एयरपोर्ट के पास मेन वजीराबाद रोड से जुड़े इस मार्ग पर हमेशा यातायात बाधित रहता है। दोनों ओर के वाहनों के लिए एक ही सड़क होने से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के कई हिस्सों में चौड़ाई बेहद कम है। इसके अलावा अतिक्रमण और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह और शाम के समय लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। स्कूली वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते समस्या और बढ़ जाती है। सहायक अभियंता निर्माण विभाग गणेशी लाल ने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए करीब छह करोड़ रुपये की योजना नगर निगम ने बनाई है। योजना के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर डिवाइडर बनाया जाएगा। दोनों ओर फुटपाथ बनेगा।
अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी
परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण से पहले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी, अस्थायी निर्माण और अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सड़क विस्तार के बाद मार्ग अधिक व्यवस्थित होगा और यातायात के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
एनके चौधरी, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग, नगर निगम, ”शालीमार गार्डन के 80 फुटा रोड का विस्तार करने के लिए करीब छह करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पुरी कर ली गई है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।”
दिन में लाइट चालू, रात में रोड पर अंधेरा
वहीं, वैशाली के कई इलाकों में दिन के समय भी सड़क और पार्कों में लगी लाइटें जल रही हैं। इससे बिजली की बर्बादी हो रही है। लोगों का आरोप है कि रात के समय अंधेरा रहता है और दिन में लाइटें जलती है। स्थानीय निवासी डॉ. सुनील वैध ने बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त को शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि शिकायत में 15 स्थानों का उल्लेख किया है। दिन में लाइटें जलने से प्रतिदिन करीब नौ यूनिट बिजली की बर्बादी हो रही है, जो महीने में 270 यूनिट तक पहुंच जाती है । उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी नगर निगम और 311 एप पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन बिना कार्रवाई किए शिकायत को बंद कर दिया गया। उन्होंने मामले की जांच कर बिजली बर्बादी को रोकने की मांग की है।