NEET-UG 2026: चंडीगढ़ में 21 जून को परीक्षा, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
चंडीगढ़ में 21 जून को आयोजित होगी NEET-UG 2026 परीक्षा। 3,800 अभ्यर्थी होंगे शामिल, 7 केंद्र बनाए गए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम और जैमर की व्यवस्था।
चंडीगढ़: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए चंडीगढ़ जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा में शहर के करीब 3,800 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा, गोपनीयता और अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है.
सात परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा: शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने कहा कि, “चंडीगढ़ में NEET-UG 2026 के लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया है.ठ
CAPF सुरक्षा में पहुंचेंगे प्रश्नपत्र: डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि, “प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री को निर्धारित बैंकों से परीक्षा केंद्रों तक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की सुरक्षा में पहुंचाया जाएगा. इस दौरान संबंधित केंद्र अधीक्षक भी साथ रहेंगे ताकि पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और पारदर्शी बनी रहे.”
दो स्तरों की जांच और जैमर की व्यवस्था: वहीं, नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए गए हैं. निशांत कुमार यादव ने कहा कि, “अभ्यर्थियों की दो स्तरों पर फ्रिस्किंग होगी. पहले स्थानीय पुलिस जांच करेगी, जबकि दूसरे चरण में NTA द्वारा नियुक्त पेशेवर एजेंसी तलाशी लेगी. प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना है.”
अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान: प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, प्राकृतिक रोशनी, वेंटिलेशन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिम्मेदार होंगे.
समय से पहुंचने की अपील: डिप्टी कमिश्नर ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि, “सभी परीक्षार्थी परीक्षा के दिन अपना एडमिट कार्ड और वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र साथ लेकर आएं तथा परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके.”