फतेहाबाद: सदर थाने से 100 शराब पेटियां गायब, थाना प्रभारी पर FIR दर्ज
फतेहाबाद के सदर थाने के मालखाने से 100 से अधिक शराब की पेटियां गायब होने के मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह पर FIR दर्ज। पूरा स्टाफ बदला गया।
फतेहाबाद: जिले सदर थाना के मालखाने से 100 से अधिक शराब की पेटियां गायब होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मामले के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है.
एसपी की जांच में मिली अनियमितताएं: मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी निकिता खट्टर ने पूरे प्रकरण की जांच करवाई. जांच में मालखाने के रिकॉर्ड और रखरखाव में अनियमितताएं सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए. इसके बाद शुक्रवार शाम को थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह का तबादला कर उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया.
सदर थाना का पूरा स्टाफ बदला: कार्रवाई के तहत रतिया थाना प्रभारी को सदर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. वहीं, पूरे थाना स्टाफ में भी बदलाव किया गया है. सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य पुलिस कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई संभव है.
एएसपी को सौंपी गई जांच: पूरे मामले की जांच एएसपी दिव्यांशी सिंगला को सौंपी गई है. पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने कहा कि, “मालखाने से शराब की पेटियां गायब होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
सम्मान के 15 दिन बाद कार्रवाई: गौरतलब है कि प्रहलाद सिंह को करीब 15 दिन पहले बेहतर कार्यप्रणाली के लिए सम्मानित किया गया था. ऐसे में उनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी और विभागीय कार्रवाई ने पुलिस महकमे में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जांच पूरी होने के बाद मामले में अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.