गाजियाबाद: NEET परीक्षा से पहले छात्र ने दी जान, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
गाजियाबाद के प्रताप विहार में नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने परीक्षा से दो दिन पहले की आत्महत्या। मरने से पहले वीडियो में कहा- परीक्षा की कोई टेंशन नहीं। जांच जारी।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में नीट यूजी री-एग्जाम से ठीक दो दिन पहले एक छात्र ने सुसाइड कर लिया. प्रताप विहार निवासी छात्र जतिन ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. हैरानी की बात यह है कि आत्महत्या से पहले उसने 1 मिनट 4 सेकंड का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कहा कि उसे NEET परीक्षा की कोई टेंशन नहीं है. इसके बाद उसनेसुसाइड का खौफनाक कदम उठा लिया.
जानकारी के अनुसार, विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार सेक्टर-9 स्थित ए ब्लॉक में रहने वाला जतिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था. उसकी परीक्षा 21 जून को होनी थी. परिवार के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 12 बजे वह अपने कमरे में टहलता हुआ दिखाई दिया था. इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया.
सुबह मृत मिला जतिन
शुक्रवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो कमरे का नाजारा देखकर उनके होश उड़ गए. छात्र मृत अवस्था में मिला. इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी उपासना पांडे ने बताया कि सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान छात्र का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि पंखे से बधा फंदा टूटा हुआ था.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की तो पता चला कि छात्र ने आत्महत्या से पहले करीब 12 बजे एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. वीडियो में कमरे में लगा फंदा भी दिखाई दे रहा है. फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन है, जो 12वीं कक्षा की छात्रा है. छात्र के पिता एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं. परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.