NEET 2026 कानपुर: परीक्षा के लिए रेलवे के विशेष इंतजाम, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

NEET 2026 के लिए कानपुर में 26,000 छात्र पहुंचेंगे। रेलवे ने क्राउड मैनेजमेंट, स्पेशल ट्रेनें और हेल्पडेस्क के किए इंतजाम। परीक्षा की पूरी तैयारी पढ़ें।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 को लेकर कानपुर में बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं. मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए शहर में करीब 26 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है. इतनी बड़ी संख्या में छात्रों और उनके परिजनों की भीड़ को देखते हुए रेलवे और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं.

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है. अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा के दौरान यात्रियों और परीक्षार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी. स्टेशन के घंटाघर छोर की तरफ एक बड़ा अस्थाई होल्डिंग एरिया बनाया गया है. यहां वाटरप्रूफ टेंट लगाकर अभ्यर्थियों के बैठने और रुकने की व्यवस्था की गई है.

कैसे होगा क्राउड मैनेजमेंट?

रेलवे की योजना है कि स्टेशन परिसर में अचानक भारी भीड़ जमा न हो. इसके लिए बाहर से आने वाले छात्रों को जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया में कुछ समय के लिए रोका जाएगा और फिर चरणबद्ध तरीके से उन्हें प्लेटफॉर्म और बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी. इससे भगदड़ जैसी स्थिति से बचने में मदद मिलेगी.

परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किए हैं. 12 ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चार मेमू (MEMU) रिजर्व रैक तैयार रखे गए हैं. इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज और झांसी में भी अतिरिक्त रैक को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

अभ्यर्थियों की मदद के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष हेल्पडेस्क भी बनाए गए हैं. प्लेटफॉर्म नंबर एक और फुटओवर ब्रिज के पास तैनात कर्मचारी छात्रों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराएंगे.

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है. कानपुर सेंट्रल के अलावा गोविंदपुरी, पनकी धाम और अनवरगंज रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड लगातार जांच अभियान चलाएंगे.

चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

दूर-दराज के जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. 21 जून को कासगंज से रावतपुर के बीच एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल सवारी ट्रेन संचालित की जाएगी. तय नियमों का पालन करते हुए नीट यूजी री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा.

ट्रेन संख्या 05320 कासगंज-रावतपुर परीक्षा स्पेशल सुबह 6 बजे कासगंज से रवाना होगी. यह ट्रेन गंजडुंडवारा, दरियावगंज, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज, बिल्हौर, बर्राजपुर और मंधना होते हुए सुबह 11:05 बजे रावतपुर पहुंचेगी.

वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्रों की वापसी के लिए ट्रेन संख्या 05319 रावतपुर-कासगंज परीक्षा स्पेशल शाम 7 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए रात 12:30 बजे कासगंज पहुंचेगी.

रेलवे की इस व्यवस्था से फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिल्हौर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले हजारों परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सुरक्षित वापसी में राहत मिलने की उम्मीद है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.