कानपुर: घर में घुसते ही 3 रॉटविलर कुत्तों ने महिला को बुरी तरह नोचा

कानपुर की फ्रेंड्स कॉलोनी में 55 वर्षीय महिला पर 3 खूंखार रॉटविलर कुत्तों का जानलेवा हमला। शरीर पर 30 से अधिक गहरे घाव, हालत नाजुक। पुलिस जांच में जुटी।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है. चकेरी थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार शाम रॉटविलर प्रजाति के तीन खतरनाक कुत्तों ने एक 55 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. कुत्तों ने महिला को दौड़ा-दौड़ाकर शरीर पर करीब 30 जगहों से बुरी तरह नोच डाला. डॉक्टरों के मुताबिक, यह ग्रेड-3 डॉग बाइट का मामला है, जो बेहद गंभीर और जानलेवा श्रेणी में आता है.

घाऊखेड़ा की रहने वाली पीड़ित गीता (55) शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी सहेली नीलम के साथ कांग्रेस नेता अजय बिग के भाई अशोक बिग के घर जमीन-जायदाद से जुड़े किसी काम के सिलसिले में गई थीं. जैसे ही गीता ने घर के भीतर कदम रखा, वहां मौजूद तीन रॉटविलर कुत्तों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया. कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह घसीटना और काटना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर 10 मिनट और मदद न मिलती तो महिला की मौके पर ही मौत हो सकती थी.

डिलीवरी बॉय और बच्चों ने दिखाई बहादुरी

जब खूंखार कुत्ते गीता को लहूलुहान कर रहे थे, तभी वहां अशोक के घर सामान देने आया एक डिलीवरी बॉय देवदूत बनकर पहुंचा. उसने बिना डरे कुत्तों पर ईंटें फेंकनी शुरू कीं. इसी बीच पास के पार्क में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने भी हिम्मत दिखाई और बैट-डंडे लेकर कुत्तों को खदेड़ा. तब जाकर कुत्तों ने महिला को छोड़ा. इसके बाद पड़ोस में रहने वाली सीमा दीक्षित ने लहूलुहान हालत में तड़प रही गीता को अपने दुपट्टे से ढककर संभाला.

अपनों ने छोड़ा साथ, इलाके में पहले से था खौफ

घायल गीता की बेटियों तेजस्वी और नवोदिता ने आक्रोश जताते हुए बताया कि मां की सहेली नीलम हमले के वक्त उन्हें अकेला छोड़कर भाग गई. आरोप है कि घटना के समय घर के भीतर मौजूद लोगों ने भी महिला को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया. स्थानीय निवासी रतन गुप्ता ने बताया कि इन कुत्तों का इलाके में लंबे समय से खौफ है. करीब छह महीने पहले भी इन्होंने एक 5 साल की बच्ची को नोच डाला था. नियमों के मुताबिक रॉटविलर पालने के लिए नगर निगम में पंजीकरण अनिवार्य है, लेकिन इन्हें अक्सर खुले में छोड़ दिया जाता है.

फिलहाल लहूलुहान गीता को कांशीराम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. परिजनों ने चकेरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.