बहादुरगढ़: लोहारहेड़ी गांव में मकान की दीवार गिरी, 52 वर्षीय महिला की मौत

बहादुरगढ़ के लोहारहेड़ी गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा। मकान की दीवार गिरने से 52 वर्षीय निर्मला की मौके पर ही मौत। गांव में पसरा मातम।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ के लोहारहेड़ी गांव से आज सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मकान की दीवार गिरने से 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, लोहारहेड़ी गांव निवासी निर्मला (52) पत्नी अतर सिंह सोमवार सुबह अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे मकान की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के नीचे दबने से निर्मला के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने का भी मौका नहीं मिला। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.