बागपत: पत्नी और प्रेमी ने युवक को जिंदा जलाया, गंभीर हालत में भर्ती

बागपत के बिजवाड़ा गांव में सनसनी। युवक को खाने में जहर देकर पेट्रोल से जिंदा जलाने का प्रयास। पत्नी और प्रेमी पर हत्या की साजिश का आरोप।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया. पीड़ित परिवार ने इस घटना के पीछे युवक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी का हाथ होने का आरोप लगाया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

बताया जाता है कि बिजवाड़ा निवासी विक्रांत की पत्नी का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि विक्रांत इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे दोनों नाराज थे. इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

खाने में मिलाया जहर, फिर जिंदा जलाया

परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन विक्रांत को पहले खाने में नशीला पदार्थ दिया गया. इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई. आग लगते ही विक्रांत चीखता-चिल्लाता घर से बाहर निकलकर गली में भागा और खुद को बचाने की कोशिश करता रहा. उसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई.

हालात गंभीर

गंभीर रूप से झुलसे विक्रांत को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और उसका उपचार जारी है.

पत्नी और उसके प्रेमी पर आरोप

पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या के प्रयास की साजिश रचने का आरोप लगाया है. वहीं परिजनों का कहना है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और कुछ लोगों पर दबाव भी बनाया जा रहा है.

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवक की पत्नी व उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.