गुड़गांव: 10 लाख रंगदारी न देने पर महिला पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
सोहना क्राइम ब्रांच ने 10 लाख की रंगदारी न देने पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं हत्या जैसे गंभीर मामले।
गुड़गांव : सोहना क्राइम ब्रांच ने दस लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर देसी कट्टे से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी पर हत्या समेत तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार पुलिस चौकी निमोठ को सूचना मिली थी कि गांव निमोठ में एक व्यक्ति ने देसी कट्टा दिखाकर फायर करने का प्रयास किया है। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद कर लिया। वहीं घैघोला के सरकारी अस्पताल में भर्ती घायल महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जून को वह अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान गांव निमोठ निवासी नरेंद्र उनके घर पहुंचा और उसके पति से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने देसी कट्टा उनकी छाती पर तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन कट्टा मिसफायर हो गया। जब महिला ने आरोपी से हथियार छीनने का प्रयास किया तो उसके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद आरोपी देसी कट्टा मौके पर छोडक़र परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सोहना सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
मामले की जांच के दौरान सोहना क्राइम ब्रांच ने गांव निमोठ के मंदिर रोड के पास से आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए देसी कट्टे से फायर करने का प्रयास किया था, लेकिन हथियार मिसफायर हो गया। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी सरफराज, निवासी गांव सटलाका (जिला गुरुग्राम) का नाम भी बताया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, आवश्यक वस्तु अधिनियम और मारपीट सहित कुल तीन आपराधिक मामले गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह जिलों में दर्ज हैं।