गाजियाबाद: GDA की नई नीलामी, इंदिरापुरम में प्लॉट खरीदने का सुनहरा मौका

GDA गाजियाबाद 89 से अधिक रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट की नीलामी करने जा रहा है। 13 जुलाई तक करें आवेदन, 17 जुलाई को होगी बोली।

गाजियाबाद में जीडीए की इंदिरापुरम योजना समेत कई अन्य योजनाओं में रेजिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट खरीदने का मौका है। इसके साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, नर्सिंग होम के प्लॉट पर भी बोलीदाता बोली लगा सकते हैं। यह प्लॉट 120 वर्ग मीटर से लेकर सात हजार वर्ग मीटर तक साइज में मौजूद हैं। इनके लिए 13 जुलाई तक आवेदन होंगे, जबकि 17 जुलाई को बोली लगेगी।

जीडीए की इंदिरापुरम व इसकी विस्तार योजना में विभिन्न साइज से सबसे अधिक प्लॉट नीलामी में शामिल किए गए हैं। इसमें भी जीडीए ने पहली बार मिक्स लैंड यूज प्लॉट शामिल किए हैं। साथ ही ग्रुप हाउसिंग, हाईस्कूल, फैसलिटी प्लॉट आदि भी बोलीदाताओं के लिए रखे गए हैं। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस योजना में प्राधिकरण के 18 मीटर चौड़ी सड़क पर पांच मिक्स लैंड यूज प्लॉट मौजूद हैं, जिन्हें बेचा जाएगा। यह प्लॉट खरीदने के लिए बोलीदाताओं के पास अच्छा मौका होगा। इन्हें खरीदने के बाद वह प्राधिकरण से मिक्स लैंड यूज के तहत नक्शा स्वीकृत कराकर आवासीय समेत व्यावसायिक गतिविधियों के लिए प्लॉट का प्रयोग किया जा सकेगा।

13 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

अधिकारी बताते हैं कि इन प्लॉटों को पहली बार बेचा जा रहा है। इनकी बिक्री के बाद अन्य मिक्स लैंड यूज प्लॉट भी बेचे जाएंगे। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई तक इच्छुक खरीदार अपना आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन होगा। इसके बाद 17 जुलाई को हिंदी भवन में बोली लगेगी। जो बोलीदाता ज्यादा बोली लगाएगा, उसे ही वह प्लॉट आवंटित कर दिया जाएगा। नीलामी के लिए प्राधिकरण ने तैयारी भी शुरू कर दी गई है। नीलामी में 89 से अधिक प्लॉट शामिल किए हैं।

प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव, जीडीए, ”नीलामी में इंदिरापुरम समेत कई योजनाओं में प्लॉट शामिल किए हैं। इच्छुक लोग इन्हें खरीद सके। इच्छुक लोग 13 जुलाई तक आवेदन कर नीलामी में शामिल हो सकते हैं। 17 जुलाई को नीलामी होगी।”

आवंटियों ने सुविधा मुहैया कराने की मांग उठाई

गाजियाबाद की मधुबन बापूधाम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आवंटियों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने पर रोष व्यक्त किया। अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि वर्ष 2011 में यहां प्लॉट की योजना आई थी, तभी से यहां सुविधाएं मुहैया कराने की मांग उठा रहे है। करीब 15 साल बाद भी आवंटियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। डी ब्लॉक में पाइप लाइन भी सुचारु रूप से काम नहीं कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.