हरियाणा मानसून अपडेट: 48 घंटे में दस्तक, इन जिलों में बारिश के आसार

हरियाणा में प्री-मानसून बारिश शुरू। IMD के अनुसार अगले 48 घंटों में मानसून प्रदेश में देगा दस्तक। 6 जुलाई तक तेज हवाओं और मध्यम बारिश की संभावना।

चंडीगढ़: हरियाणा में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं. बुधवार सुबह पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर में बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे. मौसम विभाग के अनुसार कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम में आए इस बदलाव से भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

अगले 48 घंटे में मानसून देगा दस्तक: IMD चंडीगढ़ के अनुसार अगले 48 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मानसून हरियाणा में प्रवेश कर सकता है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं सबसे पहले यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के रास्ते प्रदेश में पहुंचेंगी. इसके बाद मानसून करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत होते हुए दिल्ली-एनसीआर और दक्षिणी हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद तथा पलवल तक आगे बढ़ेगा.

6 जुलाई तक मौसम रहेगा सक्रिय: हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा, “पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने और मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से राज्य में 6 जुलाई तक तेज हवाओं, गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.” मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करना चाहिए.

मानसून से पहले गर्मी और उमस का असर: मानसून की दस्तक से पहले हरियाणा भीषण गर्मी और उमस की चपेट में रहा. दिन के समय अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. वहीं रात का तापमान भी कई शहरों में 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी. प्रदेश के कई हिस्सों में रातभर उमस बनी रही.

हिसार सबसे गर्म: वहीं, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान मंगलवार को में 1.8 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा. हिसार में 42.9 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 42.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान करनाल और सोनीपत में 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सिरसा में रात का न्यूनतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.