DDA द्वारका हाउसिंग स्कीम: सेक्टर-19B में 39 फ्लैट्स के लिए मौका, जानें पूरी डिटेल
DDA द्वारका सेक्टर-19B में सर्विस स्टाफ क्वार्टर (CSP) स्कीम का राउंड-2 शुरू। 39 EWS फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन 15 जुलाई से। जानें पात्रता, तारीखें और कीमत।
राजधानी दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में शुमार द्वारका में बजट घर खरीदने का एक शानदार मौका सामने आया है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारका के सेक्टर-19 बी (Sector-19B) स्थित अपने बेहद प्रीमियम अपार्टमेंट में कम्युनिटी सर्विस पर्सनल (CSP) हाउसिंग स्कीम के राउंड-2 (Round-2) की शुरुआत करने जा रहा है. इस स्कीम के तहत कुल 39 ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैट्स उतारे गए हैं, जिन्हें सर्विस स्टाफ क्वार्टर की तरह इस्तेमाल में लाया जा सकेगा.
अगर आप भी इस आलीशान सोसाइटी में कम बजट में फ्लैट लेने की योजना बना रहे हैं, तो आइए समझते हैं इसका पूरा नियम, तारीखें और जेब पर पड़ने वाले खर्च का पूरा गुना-गणित. डीडीए की इस विशेष स्कीम के नियम काफी अलग हैं. इस योजना का लाभ हर कोई नहीं उठा सकता. इसके लिए निम्नलिखित पात्रता शर्तें तय की गई हैं:
इस प्रीमियम अपार्टमेंट में जो लोग पहले से ही HIG (हाई इनकम ग्रुप), सुपर HIG या पेंटहाउस (Penthouse) फ्लैट खरीद चुके हैं, केवल वही इन CSP फ्लैट्स को लेने के पात्र होंगे.
इसमें भी केवल वही निवासी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने पहले चरण (राउंड-1) के तहत सीएसपी कैटेगरी में कोई फ्लैट अलॉट नहीं कराया है.
नियम के अनुसार, हर योग्य आवेदक को केवल एक ही फ्लैट आवंटित किया जाएगा, हालांकि वे बुकिंग के समय मल्टीपल फ्लैट्स के लिए अपनी चॉइस भर सकते हैं.
महत्वपूर्ण तारीखें
- रजिस्ट्रेशन की शुरुआत: 15 जुलाई (सुबह 11:00 बजे से)
- रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख: 12 अगस्त (शाम 06:00 बजे तक)
- ई-ऑक्शन (E-Auction) की तारीख: 21 अगस्त (सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक)
खर्च का पूरा गुना-गणित
द्वारका जैसे महंगे इलाके की इस आलीशान सोसाइटी के ‘एम टावर’ (M Tower) में ये सभी 39 फ्लैट्स स्थित हैं. इसका पूरा वित्तीय गणित इस प्रकार है:
| मद (Component) | अनुमानित खर्च (Cost) |
| फ्लैट का रिजर्व प्राइज (Reserve Price) | ₹31.28 लाख |
| मेंटेनेंस कॉर्पस फंड (Maintenance Corpus Fund) | ₹75,000 (एकमुश्त) |
| मंथली मेंटेनेंस चार्ज (Monthly Maintenance) | ₹1.50 प्रति स्क्वायर फीट (1 साल के लिए एडवांस) |
एंट्री को लेकर चल रहा है विवाद
DDA ने इस तरह के लग्जरी अपार्टमेंट में सर्विस स्टाफ क्वार्टर अलॉट करने की सुविधा पहली बार द्वारका के इसी प्रोजेक्ट में शुरू की है. हालांकि, यह स्कीम अपने एक नियम को लेकर पिछले कुछ समय से विवादों और चर्चाओं में भी है. दरअसल, इन सर्विस स्टाफ क्वार्टर के लिए सोसाइटी में एक बिल्कुल अलग एंट्री (प्रवेश द्वार) बनाई गई है. इतना ही नहीं, इन्हें बकायदा लोहे की रेलिंग लगाकर मुख्य अपार्टमेंट की कॉमन सुविधाओं (पार्क, क्लब हाउस आदि) से अलग रखा गया है, जिस पर कुछ लोग लगातार सवाल भी उठा रहे हैं.