पंतनगर-जेवर हवाई सेवा शुरू: अब कुमाऊं से नोएडा का सफर होगा 50 मिनट में
1 जुलाई से पंतनगर और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच इंडिगो की सीधी उड़ानें शुरू। जानें टिकट बुकिंग, नया शेड्यूल और हवाई यात्रा का पूरा विवरण।
उत्तराखंड के लोगों के लिए खुशखबरी है। पंतनगर से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के बीच बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा का संचालन 1 जुलाई से शुरू हो गया है। इस हवाई रूट पर इंडिगो एयरलाइंस दो उड़ानों का संचालन करेगी। दो फ्लाइट्स पंतनगर से जेवर एयरपोर्ट और उसी दिन दो फ्लाइट्स जेवर एयरपोर्ट से पंतनगर पहुंचेंगी। कंपनी ने इसके लिए टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।
जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से देश के विभिन्न महानगरों के लिए उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है। इंडिगो एयरलाइंस ने पिछले दिनों जेवर और पंतनगर के बीच हवाई सेवा शुरू करने का निर्णय लिया था। पिछले महीने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को पहली जुलाई से दो उड़ानों के संचालन का शेड्यूल भेजा था। इसे मंजूर कर लिया गया है। हालांकि दूसरी ओर कंपनी ने पंतनगर-दिल्ली मार्ग पर पहले से संचालित दो उड़ानों में से एक को बंद करने का निर्णय लिया है।
टिकटों की बुकिंग भी शुरू
एएआई से अनुमति मिलने के बाद टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। इस हवाई मार्ग पर कंपनी एटीआर-78 (78 सीट क्षमता) विमान का संचालन करेगी, जो पंतनगर से जेवर, नोएडा की दूरी लगभग 50 मिनट में तय करेगा। इस हवाई सेवा के शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
आज से यह रहेगा उड़ानों का शेड्यूल
कंपनी के अनुसार, पहली फ्लाइट दिल्ली से सुबह 7:20 बजे उड़ान भरकर 8:10 बजे पंतनगर पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट पंतनगर से सुबह 8:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। दूसरी फ्लाइट सुबह 10:15 बजे जेवर, नोएडा से उड़ान भरकर 11:10 बजे पंतनगर पहुंचेगी और वापसी में 11:30 बजे पंतनगर से उड़ान भरकर 12:25 बजे जेवर, नोएडा पहुंचेगी। तीसरी फ्लाइट दोपहर 12:40 बजे जेवर, नोएडा से उड़ान भरकर 1:35 बजे पंतनगर पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट दोपहर 2:00 बजे पंतनगर से उड़ान भरकर 2:50 बजे जेवर, नोएडा पहुंचेगी।
पंतनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर पवन कुमार ने कहा कि जेवर, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों के संचालन में देरी के कारण पंतनगर-नोएडा के बीच सेवाएं शुरू नहीं हो पाई थीं। इंडिगो पहली जुलाई से इस मार्ग पर सेवाएं शुरू करने जा रही है। इससे कुमाऊं के यात्रियों को सुविधा मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।