भिवानी: नागरिक अस्पताल में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन शुरू, मरीजों को राहत
भिवानी के चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में नई अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित। रोजाना 300 से अधिक मरीजों को मिलेगा लाभ, रिपोर्ट मिलेगी सटीक और तेज।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए नई अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर शुरू कर दी गई है। पुरानी एक्स-रे मशीन तकनीकी खराबी के कारण बंद होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नई मशीन शुरू होने से अब जांच के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी और मरीजों को समय पर सटीक रिपोर्ट भी मिल सकेगी।
नागरिक अस्पताल के एक्स-रे केंद्र पर शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं। आंकड़ों के अनुसार यहां प्रतिदिन औसतन 300 से अधिक मरीज एक्स-रे जांच कराते हैं। ऐसे में नई मशीन लगने से इन सभी मरीजों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और उनके समय की भी बचत होगी।
नई एक्स-रे मशीन उच्च क्षमता और अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक से लैस है। यह मशीन सुरक्षित स्तर का रेडिएशन उत्सर्जित करती है जो मरीज और मशीन संचालित करने वाले कर्मियों दोनों के स्वास्थ्य के लिहाज से सुरक्षित है।