ढिगावामंडी: हाईवे चौड़ीकरण से दुकानदार चिंतित, पढ़ें क्या है नई योजना
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर ढिगावामंडी में सड़क 33 से 70 फीट चौड़ी होगी। बाईपास न बनने और दुकानों के टूटने की आशंका से स्थानीय व्यापारी चिंतित। पढ़ें पूरी अपडेट।
ढिगावामंडी। कस्बे में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से लगाए गए सफेद निशानों ने दुकानदारों और कस्बावासियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।
कस्बा निवासी 80 वर्षीय पूर्व सैनिक दीपचंद ने बताया कि वर्ष 1962 में जब पहली बार 33 फीट चौड़ी सड़क बनी थी तब भी इसी प्रकार निशान लगाए गए थे। उस समय उनके बाड़ का एक कोना सड़क निर्माण की जद में आ गया था।
सड़क निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर कार्यालय के इंजीनियर राजेश पांडे ने ग्रामीणों को नक्शा दिखाकर बताया कि भिवानी, लोहारू और जूई के बाहर से बाईपास निकाले जाएंगे लेकिन ढिगावा मंडी कस्बे में बाईपास नहीं बनेगा। यहां मौजूदा 33 फीट चौड़ी सड़क को 70 फीट तक चौड़ा किया जाएगा और इसी को फोरलेन बनाया जाएगा। इस जानकारी के बाद सड़क चौड़ीकरण को लेकर दुकानदारों की चिंता और बढ़ गई है।