पंचकूला ट्रैफिक अपडेट: सेक्टर-12/12A में रास्ता बंद, वैकल्पिक मार्ग अपनाएं
पंचकूला में सीबीडी लाइन मरम्मत के चलते कृषि भवन लाइट से रैली चौक तक की सड़क 5 जुलाई तक बंद। वाहन चालक इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग।
पंचकूला: शहरवासियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. सेक्टर-12 और सेक्टर-12/ए के बीच सीबीडी लाइन की मरम्मत के चलते संबंधित क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहेगा. ऐसे में आमजन से अपील की गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर पुलिस का सहयोग करें.
कृषि भवन ट्रैफिक लाइट से रैली चौक तक: ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कृषि भवन ट्रैफिक लाइट से रैली चौक तक जाने वाली सड़क 5 जुलाई 2026 तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगी. मरम्मत कार्य के दौरान सड़क पर खुदाई और भारी मशीनरी की तैनाती के कारण यह फैसला लिया गया है, ताकि कार्य सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या यातायात बाधा से बचा जा सके.
वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें: ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, अनावश्यक रूप से बंद मार्ग की ओर न जाएं और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी, बल्कि मरम्मत कार्य भी बिना किसी बाधा के शीघ्र पूरा किया जा सकेगा.