गाजियाबाद: बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में बुलडोजर, 500 अवैध झुग्गियां ढहीं
गाजियाबाद के बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में यूपीसीडा का बड़ा एक्शन। नाले के किनारे बने 500 से ज्यादा अवैध निर्माण और झुग्गियों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
गाजियाबाद में बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को यूपी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। काफी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर नाले किनारे बनी 500 सौ से अधिक झुग्गियों के साथ कई पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
अधिकारियों के अनुसार, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में काफी समय से नाले के एक ओर अवैध कब्जे कर झुग्गियां और पक्के निर्माण कर दिए गए थे। इससे न केवल नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों और फैक्ट्री संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क और नाले की जमीन तक पूरी तरह घेर ली गई थी। क्षेत्र में नाले का निर्माण किया जा रहा है। नाले के किनारे एक ओर अतिक्रमण होने के कारण नाले की दीवार नहीं बन पा रही थी। इसे खाली करने के लिए लगातार चेतावनी दी जा रही थी।
सोमवार को संयुक्त रूप से चले अभियान के दौरान इस पूरे क्षेत्र से अतिक्रमण हटा दिया गया। बताया गया कि मॉनसून में इस नाले में पूरे क्षेत्र का पानी आता है। इस कारण यहां नाला उफनता है। नाले के किनारे अतिक्रमण से हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नाले की गहराई इतनी है कि उफान के दौरान यदि कोई व्यक्ति भी इसमें गिर जाए तो उसका पता नहीं चलेगा।
दुकान और गोदाम भी बना लिए थे
केवल झुग्गी-झोपड़ी ही नहीं बल्कि कुछ लोगों ने यहां दुकान बना रखी थी। इनमें किराने के दुकान बनाकर व्यापार किया जाता था। वहीं, दो उद्यमियों ने अपने गोदाम भी बनाए हुए थे। सभी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
सुरक्षा को लेकर भी की गई थी शिकायत
औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों का कहना है कि काफी समय से अवैध कब्जे के कारण सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। झुग्गियों के कारण क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में हुई कई चोरी और अन्य वारदातों के आरोपियों को इसी इलाके से पकड़ा जा चुका है। इसी वजह से उद्यमी लगातार अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे।
तीन बार नोटिस और चेतावनी दी गई
यूपीसीडा के अधिकारियों ने बताया कि अभियान शुरू करने से पहले अतिक्रमण करने वालों को तीन बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी। उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर बुलडोजर की मदद से सोमवार को कार्रवाई की। साथ ही दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
विवेकानंद नगर आरओबी से जीटी रोड तक कब्जा था
अधिकारियों के मुताबिक विवेकानंद नगर आरओबी से नाला निकलते हुए सीधे जीटी रोड पर मिलता है। इस नाले के किनारे औद्योगिक क्षेत्र की ओर अतिक्रमण किया गया था। यहां नाले के दीवार से सटाकर लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया था। झुग्गियों के अलावा लोगों ने पक्के शौचालय भी बना रखे थे। इसके चलते नाले की दीवार को नए सिरे से बनाने में दिक्कत हो रही थी।
सलिल यादव, डीजीएम, यूपीसीडा, ”औद्योगिक क्षेत्रों की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन स्थानों पर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही हैं, वहां भी सर्वे कर कार्रवाई की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर यातायात सुनिश्चित करने के लिए सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराना जरूरी है।”