जंतर-मंतर: सोनम वांगचुक के अनशन पर विवाद, अभिजीत दीपके ने दी सफाई

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक का 11 दिनों से अनशन जारी। अभिजीत दीपके को खाने-पीने के वीडियो पर किया जा रहा ट्रोल। जानिए, दीपके ने सफाई में क्या कहा।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का धरना प्रदर्शन चल रहा है। इसी मंच पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 11 दिनों से अनशन कर रहे हैं। नीट पेपर लीक की वजह से धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे सोनम वागंचुक का वजन काफी घट चुका है और अब वह ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं। इस बीच कई लोग इस बात को लेकर अभिजीत दीपके की आलोचना कर रहे हैं कि वह खुद अनशन नहीं कर रहे हैं। कई लोग तो ऐसे वीडियो भी शेयर कर रहे हैं जिसमें एक तरफ वांगचुक अनशन करते दिख रहे हैं तो दूसरी तरफ अभिजीत दीपके ब्रेड पकौड़े समेत कई व्यंजनों का लुत्फ ले रहे हैं। अब दीपके ने खुद इस पर सफाई दी है।

अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत करते हुए उन वीडियोज को लेकर सफाई दी जिनमें उन्हें खाते-पीते दिखाया जा रहा है। दीपके ने कहा, ‘मुझे लगता है कि मुद्दे से भटकाने की बचकानी कोशिश है। वह जो वीडियो है वह तब की है जब सोनम सर भूख हड़ताल शुरू नहीं हुई थी। क्लब की गई है। सोनम सर यहां 8-10 दिन बाद आए। तब वह यूरोप में क्लाइमेंट समिट में थे। वह वीडियो पहले की है जब हम यहां पर बैठे थे और सोनम सर नहीं थे।’ हालांकि, उन्होंने माना कि कोर टीम के लोग अनशन पर नहीं हैं और इसकी वजह भी बताई।

क्यों अनशन नहीं कर रहे हैं अभिजीत दीपके

सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आगे बताया कि सोनम वांगचुक ने ही कोर टीम के अन्य सदस्यों को अनशन करने से रोका है। सोनम वांगचुक के अलावा कुछ छात्र भी अनशन पर हैं,जिनमें कई की हालत बिगड़ चुकी है। दीपके ने खुद के अनशन नहीं करने पर कहा, ‘सोनम सर ने हमें खुद कहा है कि जो कोर टीम है वह भूख हड़ताल पर इसलिए नहीं बैठेगी कि प्रोटेस्ट को मैनेज भी करना पड़ेगा। अगर हम सभी लोग भूख हड़ताल पर बैठ गए तो प्रोटेस्ट को मैनेज कौन करेगा, यहां पर इतने सारे लोग आ रहे हैं। हर छोटी बात के लिए पुलिस से लड़ना-झगड़ना पड़ता है, वह कौन करेगा। इसलिए हमारी कोर टीम अनशन पर नहीं बैठ रही है।’

खाने-पीने पर वांगचुक ने की थी टिप्पणी

दरअसल, अभिजीत दीपके को सोनम वांगचुक के उस बयान के बाद ट्रोल किया जाने लगा जिसमें उन्होंने मंच के सामने बैठे लोगों से कहा था कि वे ‘यहां आकर ठूंस-ठूंसकर खाते हैं।’ सोनम ने इस पर दुख जाहिर करते हुए समर्थकों से अपील की थी कि वह कम से कम दिनभर का अनशन करें। जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में खाने-पीने की काफी चीजें बांटी जा रही हैं। सुबह शाम यहां कई तरह के व्यंजन भी परोसे जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.