दिल्ली हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स हैंडल बहाल
दिल्ली हाई कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक्स हैंडल बहाल करने का आदेश दिया। सोनम वांगचुक और अभिजीत दीपके ने इसे न्यायपालिका की जीत बताया। पूरी जानकारी पढ़ें।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को मंगलवार को उस वक्त बड़ी खुशखबरी मिली जब दिल्ली हाई कोर्ट ने उसके हक में एक अहम आदेश दिया। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने CJP के एक्स हैंडल से बैन हटाने का आदेश दिया तो दो सप्ताह से अधिक समय से आंदोलन कर रहे सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके और अन्य सदस्य गदगद हो गए। दीपके ने जहां इसे बड़ी जीत बताया तो 11 दिन से अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि इस फैसले से न्यायपालिका पर थोड़ी उम्मीद जाग गई है।
पिछले 19 दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन चल रहा है तो सोनम वांगचुक 11 दिनों से अनशन पर हैं। दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले के बाद मंगलवार शाम वांगचुक ने कहा, ‘इस फैसले पर बधाई दूंगा देश को। न्यायपालिका पर थोड़ी सी हमारी उम्मीद जागी। क्योंकि बहुत कुछ बेहतर होने की जरूरत है हमारे देश में। पहले से ही हम प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में दुनिया में सबसे नीचे आ चुके हैं, 180 में से 157वें पर हैं। मेन स्ट्रीम मीडिया तो पहले से ही समझौता कर चुकी है। सोशल मीडिया का जो बचाखुचा असर था उसे भी रोकने की कोशिश की गई। आज उसे बहाल किया गया, यह बहुत अच्छी खबर है।’
वांगचुक ने कहा, ‘हम जो कर रहे हैं वो किसी पार्टी को गिराने के लिए या तख्तापलट का इरादे से नहीं कर रहे हैं। इरादा हमारा बदलाव का है, सुशासन लाने का है। जिन बच्चों के साथ अन्यया होता रहेगा और जिनके साथ होता रहेगा, सालों तक यदि हम आवाज नहीं उठाते। तो उसके लिए उस इरादे से हम कर रहे हैं। यह सरकार के भी हित में है कि वह अपने तरीके बदलकर एक लोकप्रिय सरकार बने।’
यह बहुत बड़ी जीत: दीपके
अभिजीत दीपके ने अदालत के आदेश के बाद इसे बड़ी जीत बताते हुए कहा कि पहले राष्ट्रीय सुरक्षा को वजह बताकर बैन किया गया था और बाद में सरकार ने अदालत में कहा कि नीट परीक्षा की वजह से बंद किया था। उन्होंने कहा, ‘कोर्ट का ऑर्डर बहुत बड़ी जीत है। यह कॉकरोच जनता पार्टी की बहुत बड़ी जीत है क्योंकि चार दिन में हमारा अकाउंट बैन कर दिया था, यह कहकर कि नेशनल सिक्यॉरिटी को खतरा हो सकता है, विदेशी फंडिंग हो सकती है। आज कहा गया कि नीट की परीक्षा की वजह से बैन किया गया था। मेरे मन में सवाल उठता है कि क्या सीजेपी के हैंडल से परीक्षा लीक हो रही थी, मैंने रिव्यू मीटिंग में पूछा था कि क्या कोई पोस्ट है जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है तो कुछ नहीं दिखाया। मैंने पूछा कि क्यों बैन कर रहे हो तो कहा था कि सरकार को लगता है कि कॉकरोच जनता पार्टी नेपाल और बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है देश में। लेकिन आज कहा कि नीट परीक्षा की वजह से बंद किया था।’