योगिनी एकादशी 2026: व्रत की सही तिथि, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
योगिनी एकादशी का व्रत कब है? जानें 10 और 11 जुलाई में से व्रत के लिए सही तिथि, पारण का शुभ मुहूर्त और इस एकादशी का अद्भुत धार्मिक महत्व। पूरी जानकारी पढ़ें।
सनातन धर्म शास्त्रों में एकादशी व्रत को बहुत विशेष और महत्वपूर्ण माना गया है. साल में 24 और अधिकमास में 26 एकादशी के व्रत पड़ते हैं. एकादशी व्रत जगत के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित किया गया है. एकादशी के दिन व्रत के साथ साथ भगवान की विशेष पूजा-अराधना की जाती है. धार्मिक मान्यता है कि एकादशी का व्रत भगवान विष्णु का आशीर्वाद पाने का सबसे शुभ अवसर होता है. एकादशी का व्रत रखने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है, जिसके प्रभाव से जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है.
इतना ही नहीं एकादशी व्रत जाने अनजाने में किए पापों को नष्ट करने वाला भी माना जाता है. ये व्रत मृत्यु के बाद मोक्ष का मार्ग भी खोलता है. वहीं एक ऐसा एकादशी व्रत भी है, जो 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के बराबर का पुण्यफल देता है. ये एकादशी व्रत आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि के दिन रखा जाता है, जिसे योगिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है. इस साल योगिनी एकादशी का व्रत 10 जुलाई, शुक्रवार के दिन रखा जाएगा.
योगिनी एकादशी की तिथि
- द्रिक पंचांग के अनुसार, आषाढ़ कृष्ण एकादशी तिथि 10 जुलाई, शुक्रवार को सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर प्रारंभ होगी.
- इस तिथि का समापन 11 जुलाई, शनिवार को सुबह 5 बजकर 22 मिनट पर होगा.
ऐसे में 10 और 11 जुलाई दोनों ही दिन उदयातिथि प्राप्त नहीं हो रही है. शास्त्रों के अनुसार, जब दोनों दिन सूर्यकाल में एकादशी तिथि व्याप्त न हो तो पहले दिन ही एकादशी मान्य होती है. व्रत के इस नियम के अनुसार, गृहस्थ लोग 10 जुलाई, शुक्रवार के दिन योगिनी एकादशी का व्रत रखें. वहीं वैष्णव परंपरा में 11 जुलाई को योगिनी एकादशी का व्रत रखा जा सकता है.
योगिनी एकादशी के व्रत का पारण का मुहूर्त
शास्त्रों में बताया गया है कि एकादशी के व्रत का पारण हमेशा द्वादशी तिथि पर ही करना शुभ रहता है. 11 जुलाई को योगिनी एकादशी के व्रत के पारण का शुभ मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 50 मिनट पर शुरू होगा. व्रत पारण का ये मुहूर्त शाम को 04 बजकर 36 मिनट तक रहेगा. वहीं 11 जुलाई को योगिनी एकादशी का व्रत रखने वाले वैष्णव परंपरा को मानने वाले लोगों के लिए पारण का शुभ मुहूर्त 12 जुलाई को सुबह 05 बजकर 32 बजे से 08 बजकर 18 मिनट तक रहेगा.