ढिगावा मंडी: खेल स्टेडियम में नई ओपन जिम, युवाओं को नशे से मिलेगी मुक्ति
ढिगावा मंडी के खेल स्टेडियम में नई ओपन जिम लगने से युवाओं और बुजुर्गों में उत्साह। अब सुबह-शाम पसीना बहाकर लोग रह रहे हैं स्वस्थ, नशे से दूर रहने का मिला संकल्प।
ढिगावा मंडी। ढिगावा मंडी के खेल स्टेडियम में अब सुबह की शुरुआत जोश और हंसी के साथ होती है। यहां नई ओपन जिम लगने से युवाओं और बुजुर्गों को स्वस्थ रहने की एक नई राह मिली है। गांव के सरपंच धर्मवीर नेहरा ने बताया कि युवा और बुजुर्ग उनसे स्टेडियम में जिम लगवाने की मांग करते थे। सरपंच ने युवाओं को नशे से दूर रखने और बुजुर्गों को स्वस्थ रखने के लिए इसे एक अच्छा तरीका माना।
सुबह 5 बजे से ही स्टेडियम में रौनक लग जाती है। पहले भी कस्बे के खेल स्टेडियम में जिम थी लेकिन उसमें ज्यादा बच्चे होने के कारण सभी को मौका नहीं मिल पाता था। कई बार कॉलेज जाने में भी देरी हो जाती थी। अब ओपन जिम लगने के बाद गांव के अन्य लोगों को भी कसरत करने का अवसर मिलेगा, क्योंकि इसमें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
ये केवल लोहे की मशीनें नहीं हैं बल्कि ये हमारे गांव के हजारों लोगों की सेहत का मंदिर हैं। नशे की जगह अब स्टेडियम ने ले ली है जहां सुबह-शाम युवाओं की टोली पसीना बहाती है। आने वाले समय में अगर ओपन जिम में किसी प्रकार की कोई कमी रहती है, तो उसे भी पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।