सुशील गुप्ता का BJP पर हमला: ‘हरियाणा का पानी राजस्थान को देना शर्मनाक’
AAP अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने अमित शाह पर हरियाणा का पानी राजस्थान को देने का आरोप लगाया। राम मंदिर चढ़ावा घोटाले और बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा।
भिवानी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने आरोप लगाया है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दबाव में हरियाणा के हिस्से का पानी राजस्थान को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार जनता को प्यासा मार रही है। बुधवार को नेहरू कॉलोनी स्थित आप कार्यालय में संगठनात्मक बैठक हुई जिसमें आगामी चुनावी रणनीति तय की गई।
आप प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी के कारण अपराधियों का हौसला सातवें आसमान पर है। हर तरफ सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं, व्यापारियों और आम जनता को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने विशेष तौर पर जिक्र किया कि हांसी क्षेत्र में अपराधियों और नशे का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। गुप्ता ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया और कहा कि इंडिया गठबंधन का नेतृत्व एक कमजोर पार्टी के हाथों में है जो भाजपा से बैकडोर हाथ मिला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई साल भ्रष्टाचार किया अब भाजपा उसे फाइलों से डराती है। सुशील गुप्ता ने कहा कि पंजाब में आप किसी से गठबंधन नहीं करेगी। बैठक में राजेंद्र शर्मा, सुरेंद्र पूनिया, पवन हिंदुस्तानी, अश्विनी दूल्हेड़ा, भीम सिंह महेशवाल, राजा चांदना चांगिया, करतार कांटिया और मंजीत सिंघानिया मौजूद रहे।