फतेहाबाद: मामूली विवाद में 14 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी की हत्या, इलाके में मातम
फतेहाबाद के गांव बादलगढ़ में फास्ट फूड खाने को लेकर हुए विवाद में 14 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी अरमान की हत्या। आरोपी किशोर पर केस दर्ज, इलाके में शोक का माहौल।
फतेहाबाद: जिले के रतिया क्षेत्र के गांव बादलगढ़ में गुरुवार रात फास्ट फूड खाते समय शुरू हुआ मामूली विवाद एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया. दो हमउम्र किशोरों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि 14 वर्षीय अरमान की मौत हो गई. अरमान गांव के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था और कबड्डी का उभरता खिलाड़ी भी बताया जा रहा है.
कैंची लाकर किया हमला: प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार अरमान अपने पड़ोस में रहने वाले किशोर के साथ गांव के चौक पर फास्ट फूड खाने गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई. आरोप है कि विवाद के बाद दूसरा किशोर अपने पिता के क्लिनिक से कैंची लेकर आया और अरमान की छाती पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से अरमान की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने शुरू की जांच: इधर, घटना की सूचना मिलते ही रतिया सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किशोर के पिता गांव के चौक पर आरएमपी के रूप में क्लिनिक चलाते हैं और दोनों किशोर एक ही स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र हैं.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: दरअसल, अरमान अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था. परिवार में पिता कुलविंदर सिंह, माता नसीब कौर और बड़ा भाई अर्शप्रीत सिंह हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों ने कहा कि, “हमारे बच्चे की मामूली विवाद में जान चली गई. दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि किसी और परिवार को ऐसा दुख न झेलना पड़े.”
जुवेनाइल के खिलाफ केस दर्ज: पूरे मामले में रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने कहा कि, “मामले में आरोपी किशोर (जुवेनाइल) के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.”