फरीदाबाद: आगरा नहर में कूदे युवक-युवती, कार में मिले खून के निशान

फरीदाबाद के सेक्टर-75 में आगरा नहर में युवक-युवती के कूदने की खबर। कार पर लगा था पुलिस का स्टीकर, अंदर मिले खून के धब्बे। पुलिस की सर्च ऑपरेशन जारी।

फरीदाबाद: बीपीटीपी थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-75 की आगरा नहर में शनिवार शाम एक युवक और युवती के नहर में कूदने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. जिस कार से युवक और युवती मौके पर पहुंचे थे, उस पर हरियाणा पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था, जिसके चलते मामला और भी गंभीर माना जा रहा है.

आगरा नहर के पास मिली कार: प्रारंभिक जांच के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे युवक और युवती कार से आगरा नहर के पास पहुंचे थे. पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच कार के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया. घटनास्थल से बरामद कार के अंदर खून के कुछ निशान भी मिले हैं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और खून के नमूनों को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.

युवक-युवती के नहर में छलांग लगाने की आशंका: पुलिस के अनुसार विवाद के बाद दोनों कार से बाहर निकले और नहर की ओर चले गए. इसके बाद दोनों के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली. हालांकि, पहले किसने छलांग लगाई और घटना का वास्तविक क्रम क्या था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की: एसीपी सेंट्रल राजीव कुमार ने बताया कि एक राहगीर ने ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवक और युवती नहर में कूद गए हैं. सूचना मिलते ही बीपीटीपी थाना पुलिस सहित अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं. प्रारंभिक जांच में युवती की पहचान रश्मि और युवक की पहचान काकू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार युवती विवाहित है और युवक उसका पति नहीं है. दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.

नहर में सर्च ऑपरेशन जारी: घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया है. देर शाम तक दोनों की तलाश जारी रही. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है. कार पर लगे हरियाणा पुलिस के स्टीकर, कार के भीतर मिले खून के निशान और दोनों के आपसी संबंधों सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.