अमरोहा: नशे में धुत सिपाही ने दो को मारी टक्कर, आक्रोशित भीड़ ने की पिटाई

अमरोहा के डिडौली में नशे में धुत सिपाही संजीव तोमर ने दो लोगों को रौंदा। गुस्साए लोगों ने की आरोपी की पिटाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है. डिडौली कोतवाली क्षेत्र में एक सिपाही पर नशे की हालत में कार चलाते हुए दो लोगों को टक्कर मारने का आरोप लगा है. हादसे में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोप है कि दुर्घटना के बाद भी सिपाही ने कार नहीं रोका और भागने की कोशिश की. गुस्साए लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह सिपाही को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया.

जानकारी के अनुसार, डिडौली कोतवाली क्षेत्र निवासी अमित अपने परिवार के साथ सोमवार देर रात जोया से घर लौट रहे थे. इसी दौरान नशे में धुत सिपाही संजीव तोमर तेज रफ्तार कार चला रहा था. आरोप है कि उसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

लोगों ने आरोपी सिपाही को पीटा

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद भी सिपाही ने कार नहीं रोकी. बताया जा रहा है कि कार का एक टायर निकल जाने के बावजूद वह हाईवे पर वाहन दौड़ाता रहा. इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसकी कार को रुकवाकर पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सिपाही को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. वहीं, घायल दोनों लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.

विभागीय जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी सिपाही संजीव तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था या नहीं. इसके लिए आवश्यक चिकित्सीय और फोरेंसिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है और मामले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.