पंचकूला: चेन स्नेचिंग करते पकड़ा गया पुलिस का SPO, मचा हड़कंप
पंचकूला में युवती से चेन छीनते पकड़ा गया पुलिस का SPO संजीव कुमार। बाइक की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर दे रहा था वारदात को अंजाम। देखें पूरी खबर।
पंचकूला: सेक्टर-5 में युवती से सोने की चेन झपटकर भागने के आरोप में गिरफ्तार युवक के पुलिस विभाग में तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) होने का खुलासा होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी की पहचान नारायणगढ़ निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात था। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। घटना ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम सेक्टर-5 स्थित विशाल मेगामार्ट के पास एक युवती पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान हेलमेट और चेहरे पर कपड़ा बांधे बाइक सवार युवक ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार होने लगा।
संयोगवश उसी समय अपनी निजी कार से विकास आनंद की नजर वारदात पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर अपनी कार से उसकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया। बाइक से गिरते ही आरोपी को एएसआई और उनकी पत्नी ने काबू कर लिया।
एसपीओ संजीव को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी पंचकूला पुलिस में एसपीओ के रूप में कार्यरत है और सेक्टर-16 पुलिस चौकी में तैनात था। पुलिस ने आरोपी की बाइक की जांच की तो नंबर प्लेट पर काली टेप चिपकाकर वास्तविक नंबर छिपाया गया था।