पानीपत: रिसालू गांव में तालाब से मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

पानीपत के रिसालू गांव में तालाब से एक युवक का शव बरामद। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, शरीर पर मिले चोट के निशान। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

पानीपत : हरियाणा के पानीपत में रिसालू गांव के पास श्मशान घाट के नजदीक तालाब से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और पानीपत में रहकर मेहनत-मजदूरी तथा हेल्पर का काम करता था। वह रिसालू रोड क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।

परिजनों के अनुसार, सुशील एक दिन पहले बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सूचना मिली कि रिसालू गांव के पास श्मशान घाट के नजदीक तालाब में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुशील कुमार के रूप में की।

मृतक के भाई का कहना है कि सुशील के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। परिवार को आशंका है कि उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर हत्या के बाद शव को तालाब में फेंका गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.