गुड़गांव: थार और बलेनो में जोरदार भिड़ंत, नशे में धुत युवक गिरफ्तार
गुड़गांव के सोहना चौक पर तेज रफ्तार थार ने बलेनो को मारी टक्कर, परिवार घायल। नशे में धुत युवक मौके पर धौंस जमाते हुए गिरफ्तार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
गुड़गांव : शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पुराने गुड़गांव के सोहना चौक पर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार Thar गाड़ी ने Baleno गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि Baleno गाड़ी के तो परखच्चे उड़ गए वहीं, Thar भी पलट गई। घटना में Baleno गाड़ी में सवार परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, Thar सवार दो युवक तो मौके से भाग गए जबकि तीसरा गाड़ी में फंस गया जो पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। यहां से गुजर रहे लोगों ने Baleno में फंसे परिवार को मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाते हुए पुलिस को सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, Thar में सवार नशे में धुत युवक गाड़ी में फंसे हुए ही लोगों को गाली देने लगा और धोंस जमाने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसका वीडियो बना लिया और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, आज सुबह एक परिवार अपनी Baleno गाड़ी में सवार होकर खाटूश्याम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। जब गाड़ी शिवाजी नगर से बाहर रेलवे रोड(अलवर रोड) पर निकली तो तेज रफ्तार Thar गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि Baleno गाड़ी के सभी एयरबैग खुल गए और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। Baleno गाड़ी में एक पुरूष तथा तीन महिलाएं शामिल थी। वहीं, Thar भी टक्कर लगने के बाद सड़क पर पलट गई। इस Thar गाड़ी में भी तीन युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो तीनों ही युवक शराब के नशे में धुत थे।
Thar पलटने के बाद दो युवक तो तुरंत ही गाड़ी से निकलकर मौके से भाग गए जबकि तीसरा युवक गाड़ी में फंस गया। वह लोगों को गालियां देने लगा और अपने पिता का उंचा पद होने की धोंस जमाने लगा। बावजूद इसके भी लोगों ने Thar में फंसे नशे में धुत युवक को बाहर निकाला जो लड़खड़ाते हुए अकेला ही अपनी गाड़ी को सीधा करने का प्रयास करने लगा। इसके बाद लोगों ने कड़ी मशक्कत की और गाड़ी को सीधा कर सड़क किनारे किया। सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नशे में धुत युवक को हिरासत में लेने के साथ ही उसकी Thar गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही उन युवकों की भी तलाश की जा रही है जो इस थार गाड़ी में मौजूद थे।