अक्षिर सिंह कुश: अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी को मिला सम्मान

हरियाणा के होनहार मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी अक्षिर सिंह कुश को मुख्यमंत्री के सलाहकार तरुण भंडारी ने सम्मानित किया। जानें अक्षिर की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के बारे में।

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने अपने कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्क्वे (Sqay) मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी अक्षिर सिंह कुश को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह देश, प्रदेश और शहर का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

तरुण भंडारी ने कहा कि युवा खिलाड़ियों की सफलता पूरे हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अक्षिर सिंह कुश अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
इस अवसर पर मदन लाल शर्मा और संजीव कुमार भी उपस्थित रहे। अक्षिर सिंह कुश के पिता सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ी का उत्साहवर्धन करने के लिए तरुण भंडारी का आभार व्यक्त किया।

पंचकूला के गुरुकुल स्कूल में बारहवीं वाणिज्य के छात्र अक्षिर सिंह कुश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उभरते हुए खिलाड़ी हैं। उन्होंने अनेक राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा का सफल प्रतिनिधित्व किया है। भारतीय टीम के सदस्य के रूप में उन्होंने उज्बेकिस्तान में आयोजित विश्व स्क्वे चैंपियनशिप में रजत पदक तथा रूस के मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्क्वे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

इसके अलावा उन्होंने स्पेन में आयोजित विश्व स्नोशू चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया। यूनेस्को और दक्षिण कोरिया सरकार द्वारा आयोजित विश्व मार्शल आर्ट प्रतियोगिता-2025 की टीम स्पर्धा में भी उन्होंने भारत के लिए कांस्य पदक जीता। वहीं, इटली में आयोजित स्नोशू चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया।

अक्षिर सिंह कुश की इन उपलब्धियों को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उन्हें पहले सम्मानित कर चुके हैं। युवा खिलाड़ी की लगातार मिल रही सफलताओं को हरियाणा के खेल जगत के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.