दिल्ली-एनसीआर वेदर अपडेट: 20 जुलाई से झमाझम बारिश, जानें IMD का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से जल्द मिलेगी राहत। मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई को झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। जानें क्या है दिल्ली का आगामी मौसम का हाल।
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की बेरुखी से गर्मी बढ़ गई है। एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा रहा जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा जो जुलाई का पिछले 5 वर्षों में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। हालांकि दिल्ली के साथ ही एनसीआर के लोगों को अब झमाझम बारिश से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अब दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहने और शाम के समय कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा के झोंकों की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। हालांकि गर्मी और उमस से राहत का अनुमान नहीं है।
कल येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कल 19 जुलाई को दिल्ली और एनसीआर में बादल छाए रहने और सुबह या दोपहर के समय तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। हवा के झोंकों की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। हालांकि गर्मी और उमस की परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। 19 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है।
20 जुलाई को जमकर बरसेंगे बदरा, बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने 20 जुलाई से दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इस दिन बादल छाए रहेंगे। इस दिन दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी देखी जा सकती है। इस दिन रात के समय भी बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
21 जुलाई को भी झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने 21 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इस दिन बादल छाए रहेंगे और गरज चमक और तेज हवाओं के साथ अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है। रात के समय भी बारिश का अनुमान है। 20 और 21 जुलाई को दोनों ही दिन झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और दोनों ही दिन अधिकतम तापमान के 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
22, 23 और 24 जुलाई कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 22 और 23 जुलाई को भी गरज चमक के साथ बूंदाबांदी वाला मौसम रहने की संभावना जताई है। 22 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस जबकि 23 और 24 जुलाई को इसके 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। 24 जुलाई से बारिश के थमने का अनुमान है। कुल मिलाकर 20 और 21 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश देखी जाएगी।