FIFA वर्ल्ड कप फाइनल: दिल्ली में रेस्टोरेंट-कैफे सुबह 4 बजे तक रहेंगे खुले

फुटबॉल वर्ल्ड कप फाइनल के लिए दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला। मुख्यमंत्री ने रेस्टोरेंट और कैफे को सुबह 4 बजे तक खोलने की दी अनुमति। पढ़ें पूरी जानकारी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि शनिवार की रात राष्ट्रीय राजधानी के रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य प्रतिष्ठान सुबह 4 बजे तक खुले रह सकते हैं। यह खास अनुमति उन्होंने भारतीय समयानुसार शनिवार रात को होने वाले FIFA (फुटबॉल) वर्ल्ड कप के फाइनल मैच को देखते हुए दी है। जो कि मौजूदा चैम्पियन अर्जेंटीना और स्पेन की टीमों के बीच होगा।

इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि, ‘हर फुटबॉल फैन ने लियोनेल मैसी को इतिहास बनाते देखा है। अब, इतिहास में एक और कहानी जुड़ने जा रही है। एक लेजेंड। एक युवा टैलेंट। एक ट्रॉफी। एक ऐसी रात जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी। दिल्ली उस रात के लिए तैयार है।’

सीएम बोलीं- दिल्ली में बिजनेस फ्रेंडली व्यवस्था लागू

अपनी पोस्ट में आगे सीएम गुप्ता ने लिखा, ‘हमारी सरकार के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों के अंतर्गत शहर में पहले से ही 24×7 बिजनेस-फ्रेंडली व्यवस्था लागू है। इसलिए, इस वीकेंड राजधानी के रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य योग्य प्रतिष्ठान सुबह 4 बजे तक खुले रह सकते हैं और फुटबॉल के फैन्स का स्वागत कर सकते हैं, ताकि शहर के लोगों के लिए एक साथ मिल बैठकर फ़ुटबॉल की इस सबसे बड़ी रात का मजा लेना आसान हो जाएगा।’

मुख्यमंत्री ने इस बात की घोषणा #FIFAWorldCup2026 हैशटैग के साथ की, जिसका मकसद दिल्ली में फुटबॉल फैन्स को देर रात वर्ल्ड कप के अहम फाइनल मैच देखने और एक साथ इकट्ठा होने की सुविधा देना है।

बता दें कि न्यूयॉर्क में होने वाले फुटबॉल विश्व कप के फाइनल मुकाबले में पिछली चैम्पियन अर्जेंटीना की टीम स्पेन के खिलाफ मुकाबले में उतरेगी। इस दौरान अर्जेंटीना अपना चौथा और लगातार दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। जबकि स्पेन की टीम ने अबतक सिर्फ एक ही बार साल 2010 में यह खिताब जीता है और अब वह इस मुकाबले को जीतकर दूसरी बार वर्ल्ड कप विजेता बननी चाहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.