भिवानी: बिजली-पानी के लिए सड़कों पर उतरे लोग, नेशनल हाईवे किया जाम
भिवानी में बिजली-पानी के संकट से परेशान लोगों ने नेशनल हाईवे जाम किया। गर्मी और उमस के बीच लोग पार्क और मंदिरों में रात बिताने को मजबूर। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
भिवानी। बिजली-पानी संकट से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को लगातार दूसरे दिन भी सड़कों पर फूट पड़ा। शहर में चार स्थानों पर लोगों ने ढाई से तीन घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे-709ई पर तीन जगह और पतराम गेट गोशाला चौक पर लगे जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा। बिजली निगम के एसडीओ अंकित कुमार के निर्देश पर हनुमान गेट पर नया पोल लगाकर ओवरलोड लाइन का लोड विभाजित करने का काम शुरू होने के बाद ही लोगों ने जाम खोला।
जाम की सूचना मिलते ही जैन पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष वालिया, बिजली निगम के एसडीओ अंकित कुमार, जनस्वास्थ्य विभाग के जेई ताजदीन, सुपरवाइजर विनोद तथा बिजली निगम के पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। एसडीओ अंकित कुमार ने बताया कि एक फीडर पर अधिक लोड होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। अब लोड विभाजित करने के लिए नई लाइन और नया पोल लगाया गया है जिससे जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर लोग ट्रांसफार्मर और पोल लगाने का विरोध करते हैं जिससे भी समस्या आती है। निगम स्टाफ की कमी के बावजूद लगातार समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है। यदि कोई कर्मचारी अभद्र व्यवहार करता है तो उसकी शिकायत विभाग को दी जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।