गुरुग्राम: 2.65 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस ने फर्जी निवेश ऐप के जरिए 2.65 करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का किया भंडाफोड़। दुबई से जुड़े तार, 6 आरोपी गिरफ्तार।

गुरुग्राम: स्पेशल साइबर अपराध शाखा ने फर्जी निवेश ऐप के जरिए 2 करोड़ 65 लाख 55 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी फर्मों और बैंक खातों के माध्यम से दुबई स्थित साइबर ठगी सिंडिकेट को बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और दुबई वीजा सहित पासपोर्ट बरामद किए हैं.

साइबर क्राइम के 6 आरोपी गिरफ्तार: दरअसल गुरुग्राम पुलिस को एक शिकायत मिली थी. जिसपर तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गाजियाबाद, बहादुरगढ़ और दिल्ली में छापेमारी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि ठगी की गई रकम में से करीब 6 लाख रुपये एक निजी फर्म के खाते में पहुंचे थे. ये फर्म आरोपी सोनू चौधरी संचालित कर रहा था.

विदेश में पहुंचाई ठगी की राशि: पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसने ये बैंक खाता 60 हजार रुपये लेकर पुनीत चौधरी को उपलब्ध कराया था. वहीं पुनीत ने खुलासा किया कि वो दिल्ली निवासी सम्राट सिब्बल के साथ मिलकर दुबई स्थित साइबर ठगी सिंडिकेट के लिए काम करता था और बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम विदेश में बैठे गिरोह तक पहुंचाई जाती थी. इसके बदले करीब 5 प्रतिशत कमीशन मिलता था.

आरोपियों से पूछताछ जारी: एसीपी गौरव फौगाट के मुताबिक “आरोपी पुनीत कई बार दुबई जा चुका है और अब तक 200 से अधिक बैंक खाते दुबई स्थित साइबर ठगी गिरोह को उपलब्ध करा चुका है. उसके पास से दुबई वीजा सहित पासपोर्ट भी बरामद हुआ है. पुलिस ये भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क का संबंध अन्य राज्यों में हुई साइबर ठगी की घटनाओं से भी है या नहीं. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. 2.65 करोड़ की ठगी में मामले में 6 शिकायत राजस्थान के अंदर, 2 तेलंगाना, एक झारखंड, एक केरल और दो कर्नाटक में रजिस्टर्ड हैं.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.