नोएडा एयरपोर्ट के पास विकास तेज: यीडा ने 7 सेक्टरों में शुरू की जमीन खरीद
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास विकास कार्यों को गति देने के लिए यीडा ने सात सेक्टरों में जमीन खरीद शुरू की। मास्टर प्लान-2041 के तहत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकास कार्यों को गति देने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सात सेक्टरों में जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मास्टर प्लान के तहत सड़क, बिजलीघर, औद्योगिक और लॉजिस्टिक परियोजनाओं समेत कई बुनियादी ढांचा विकास कार्य किए जाएंगे। किसानों से सीधे जमीन खरीदने के प्रस्ताव को यीडा की 91वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। अब प्राधिकरण ने इससे संबंधित कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्या-क्या होंगी सुविधाएं
यीडा अधिकारियों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद यात्रियों और निवेशकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास का क्षेत्र तेजी से विकसित किया जाएगा। सेक्टर-7 में 765 केवी क्षमता का बिजलीघर बनाया जाएगा, जबकि सेक्टर-8डी तक नई सड़क विकसित की जाएगी। इसके अलावा सेक्टर-8ए, 8बी और 8सी को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउस और एविएशन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाएं स्थापित होंगी। वहीं, सेक्टर-23सी में ट्रांसपोर्ट हब, रिक्रिएशन ग्रीन एरिया और पुनर्वास (आर एंड आर) सेंटर विकसित किए जाएंगे। सेक्टर-31बी को मल्टीपल लैंड यूज के तहत विकसित करने की योजना है। इन सभी परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि किसानों से सीधे खरीदी जाएगी।
यीडा मास्टर प्लान-2041 के तहत विकसित किए जा रहे 46 नए सेक्टरों का सर्विस मास्टर प्लान भी तैयार करा रहा है। इसके लिए कंसल्टेंट कंपनी का चयन कर लिया गया है। योजना के तहत इन सेक्टरों में सीवर, ड्रेनेज और पेयजल आपूर्ति जैसी आधारभूत सुविधाओं की दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अगले 100 वर्षों तक बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों को पूरा किया जा सके। मास्टर प्लान-2031 में यीडा क्षेत्र में 52 सेक्टर प्रस्तावित थे, जबकि मास्टर प्लान-2041 में इनकी संख्या बढ़कर 98 हो गई है। इनमें 46 नए सेक्टर शामिल हैं, जहां भूमि आवंटन की प्रक्रिया जारी है। इन सभी क्षेत्रों के लिए चरणबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बिजली आपूर्ति के लिए अलग से विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी
इस मामले पर बात करते हुए यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सात सेक्टरों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और एयरपोर्ट के आसपास का क्षेत्र आधुनिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में तेजी से विकसित होगा।