चंडीगढ़: जंतर-मंतर लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 प्लाजा में ट्राइसिटी के छात्रों ने जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज और नीट पेपर लीक के विरोध में किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन। भारी पुलिस बल रहा तैनात।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सेक्टर-17 प्लाजा में मंगलवार को ट्राइसिटी के विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के छात्र जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में एकत्र हुए. हाथों में तख्तियां लेकर छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे.
“शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग उचित नहीं”: प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने कहा कि, “जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए था. लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों के साथ हुई कार्रवाई गलत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए.”
“NEET पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया”: प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने NEET पेपर लीक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. एक प्रदर्शनकारी स्टूडेंट ने कहा कि, “परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है. पेपर लीक से जुड़े तनाव और निराशा ने कई परिवारों को प्रभावित किया है, इसलिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.” छात्रों ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की.
“मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा उग्र”: प्रदर्शन कर रहे एक स्टूडेंट ने चेतावनी देते हुए कहा कि, “यदि हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र करेंगे. हमारी आवाज को दबाने के बजाय सरकार को छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. यदि हमारी मांगें अनसुनी रहीं तो आने वाले दिनों में आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा.”