कुरुक्षेत्र: ट्रांसफॉर्मर के करंट से किसान की मौत, परिवार में छाया मातम
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने से 65 वर्षीय किसान जरनैल सिंह की मौत। परिजनों के आरोप पर बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज।
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक दिल को झकझोर कर रख देने वाली घटना सामने आई है। यहां ठसका मीरांजी गांव में 65 साल के किसान की ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय किसान जरनैल सिंह के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता, लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पिछले महीने ही उनकी पोती का रिश्ता तय हुआ था और 3 से 4 महीने बाद शादी होनी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। इस हादसे के बाद परिवार गम में डूब गया है।