गाजियाबाद रेलवे ट्रैक पर बड़ी साजिश! ट्रेन संख्या 511 के आगे रखा लोहे का टुकड़ा, FIR दर्ज
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखकर ट्रेन पलटने की साजिश का खुलासा हुआ है। लोको पायलट की तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। पुलिस जांच में जुटी है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में ट्रेन को पलटने की साजिश का मामला सामने आया है। इस घटना को अंजाम देने के लिए रेलवे ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखा गया था। हालांकि, ट्रेन के लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर सेकंड अमित मेहरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे लोको पायलट उमेश कुमार डाउन हरिद्वार-दिल्ली सेक्शन की अप लाइन संख्या-दो पर ट्रेन संख्या-511 का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में किलोमीटर संख्या 29/02 के पास उन्हें रेलवे ट्रैक पर लोहे का एक टुकड़ा दिखाई दिया। संभावित खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी और वायरलेस सेट के माध्यम से इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी।
मामले की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात प्वाइंट्समैन और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक पर रखा लोहे का टुकड़ा हटाकर लाइन को सुरक्षित किया और आवश्यक जांच के बाद ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू कराया गया। समय रहते ट्रैक साफ हो जाने से एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि लोको पायलट समय रहते ट्रैक पर रखी वस्तु नहीं देख पाते तो ट्रेन के पटरी से उतरने जैसी गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने मधुबन बापूधाम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी भी संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। ट्रैक पर लोहे का टुकड़ा रखने वाले व्यक्ति की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।