जींद: इंग्लैंड में युवक की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाई मदद की गुहार

जींद के सफीदों क्षेत्र के गांव धर्मगढ़ के युवक की इंग्लैंड के वॉर्सेस्टर में संदिग्ध हालात में मौत। परिजनों ने सरकार से शव जल्द भारत लाने की अपील की।

जींद : जींद के सफीदों क्षेत्र के गांव धर्मगढ़ के एक युवक की इंग्लैंड के वॉर्सेस्टर (Worcester) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिवार ने भारत सरकार और हरियाणा सरकार से बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाने की अपील की है।

परिजनों के अनुसार, युवक वर्ष 2022 में उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड गया था। उसने सफीदों से नॉन-मेडिकल की पढ़ाई की थी और आगे बेहतर भविष्य बनाने के उद्देश्य से विदेश गया था। परिवार का कहना है कि बेटे की इच्छा अच्छी शिक्षा हासिल कर जीवन में कुछ बड़ा करने की थी।

मृतक के परिजनों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा अपनी शिफ्ट में काम पर जाने के लिए एक अन्य युवक के साथ घर से निकला था। बताया गया कि वह कंपनी की पार्किंग के पास टहल रहा था। बाद में कुछ लोगों ने पार्क में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसकी पहचान उनके बेटे के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि अभी तक मौत के कारणों को लेकर उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई है, जिससे परिवार में कई सवाल उठ रहे हैं। मृतक के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार ने सरकार से मांग की है कि बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार अपने पैतृक गांव में किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.