अंबाला: रोडवेज कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन, विज के आश्वासन पर खत्म

अंबाला में लंबित मांगों को लेकर हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बैरिकेड तोड़कर मंत्री आवास पहुंचे, अनिल विज के आश्वासन के बाद धरना समाप्त।

अंबाला: हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के बैनर तले शनिवार को प्रदेशभर से पहुंचे रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अंबाला कैंट में जोरदार प्रदर्शन किया. कर्मचारी अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के सामने जमा हुए, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. इसके बाद में परिवहन मंत्री अनिल विज के आवास की ओर कूच किया. प्रदर्शन को देखते हुए शास्त्री कॉलोनी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. हालांकि अनिल विज के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया.

चालक-परिचालकों की कमी पर उठाई आवाज: प्रदर्शन के दौरान हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य जयवीर ने कहा कि, “हरियाणा रोडवेज में चालक और परिचालकों की भारी कमी है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही. इससे मौजूदा कर्मचारियों पर लगातार काम का बोझ बढ़ रहा है. सरकार एक ओर युवाओं को रोजगार देने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर खाली पदों को भरने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे.”

“बातचीत के बिना यहां से नहीं जाएंगे”: जयवीर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि, “अगर परिवहन मंत्री अनिल विज हमारी बात सुनकर समाधान चाहते हैं तो उनका स्वागत है, लेकिन बातचीत के बिना रोडवेज कर्मचारी यहां से नहीं जाएगा. यदि कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो यह आंदोलन भविष्य में और व्यापक रूप ले सकता है.”

सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी: वहीं, प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ सदस्य जगदीप लाठर और सदस्य महेंद्र सिंह ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि, “रोडवेज व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाना आवश्यक है. यदि सरकार ने उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.”

प्रदर्शनकारियों ने तोड़े बैरिकेड: वहीं, प्रदर्शन को लेकर पूरे हरियाणा से हजारों की संख्या में अंबाला पहुंचे रोडवेज कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री के आवास के बाहर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और मंत्री के आवास की तरफ बढ़ गए. इस दौरान प्रदर्शनकारियों का उग्र रूप देखने को मिला.

अनिल विज के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म: वहीं, प्रदर्शनकारियों के रौद्र रूप देख अनिल विज मौके पर पहुंचे और रोडवेज कर्मचारियों से बात की और उन्हें आश्वासन दिया. अनिल विज ने कहा कि 15 दिनों के अंदर उन्हें तारीख दे दी जाएगी. कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आश्वाशन के बाद रोडवेज कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.