Ghaziabad Kanwar Yatra: गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, 5 प्रमुख मंदिरों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, नॉनवेज होटल रहेंगे बंद

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियां शुरू। 5 प्रमुख मंदिरों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, प्लास्टिक बैन, नॉनवेज होटल बंद और सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारी जोर-शोर से जारी है। उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास और जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाजियाबाद जनपद के पांच प्रमुख मंदिरों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट कांवड़ यात्रा का जिम्मा संभालेंगे। उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए तैयारी पूरी कर लें। पुलिस विभाग को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने बताया कि जनपद में पांच प्रमुख मंदिर हैं, जिनके लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। मजिस्ट्रेट इन मंदिरों में सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई आदि की तैयारियों को दुरुस्त करने का कार्य करेंगे। साथ ही मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं पहले से पूरी कराएंगे।

🚫 यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित, साफ-सफाई पर जोर

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि यात्रा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास प्लास्टिक का इस्तेमाल न हो। नगर निकायों और अन्य संबंधित विभागों को साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में मेयर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

👮‍♂️ माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा के लिए 14 टीमें गठित

मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। उधर, खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों को गुणवत्ता पूर्ण व स्वच्छ भोजन मिल सके इसकी जांच के लिए 14 टीमों का गठन किया है। इन टीमों को क्षेत्र बांटे गए हैं। यह टीम कांवड़ मार्ग व मार्ग के पास की आंतरिक गलियों में प्रतिष्ठानों पर जांच करेंगी। जांच के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेने का भी कार्य करेंगी।

📸 सुरक्षा के लिए लगेंगे 193 अतिरिक्त कैमरे, ट्रांस हिंडन जोन 28 बीट में विभाजित

गाजियाबाद नगर निगम शहर की दस सड़कों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराएगा। इसके लिए टेंडर मंगाए हैं। अगले सप्ताह से सभी जगह कार्य शुरू होंगे। निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा पर नजर रखने के लिए कई जगह 193 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं, कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रांस हिंडन जोन को पुलिस ने 28 बीट में विभाजित किया है। हर बीट की जिम्मेदारी एक दरोगा पर होगी और उनके साथ अन्य दरोगा भी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही कनावनी हिंडन रोड पर कांवड़ियों को सुरक्षा और सहायता के लिए नौ पुलिस बूथ बनाए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर हर पांच सौ मीटर पर पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। जिससे जरूरत पड़ने पर थोड़ी-थोड़ी दूर पर ही कांवड़ यात्रियों की सहायता की जा सके। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए खोड़ा में करीब एक किलोमीटर का कांवड़ मार्ग है। जिसे एक बीट में रखा गया है। जबकि इंदिरापुरम से दिल्ली बार्डर तक कनावनी-हिंडन रोड, इंदिरापुरम और कौशांबी क्षेत्र के मार्ग को 27 बीट में बांटा गया है। प्रत्येक बीट की जिम्मेदारी एक दरोगा पर होगी और उसकी सहायता के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

🛑 नॉनवेज होटल और शराब के ठेके रहेंगे ढके, सुरक्षा के लिए बनेंगे पुलिस बूथ

कनावनी, छजारसी रोड पर नॉनवेज के होटल हैं। पुलिस ने होटल संचालकों के साथ बैठक कर सावन शुरू होने के बाद दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, रोड स्थित शराब ठेका संचालकों को कांवड़ यात्रा शुरू होने पर ठेकों को कपड़े से ढकने के निर्देश दिए हैं। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। एसीपी शालीमार गार्डन ने बताया कि कनावनी हिंडन रोड पर हिंडन बैराज, राधा स्वामी आश्रम, कनावनी कट, आईजीएल गैस सब-स्टेशन, 5-6 की पुलिया, 5-2 की पुलिया, खोड़ा इंदिरापुरम बार्डर, दिल्ली बार्डर व एक अन्य पुलिस बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर दो सिपाही तैनात रहेंगे। एसीपी ने बताया कि इंदिरापुरम से कौशांबी तक कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है। यह कैमरे 24 घंटे चालू रहेंगे। सभी कैमरे वाई-फाई से कनेक्ट रहेंगे। इनका कंट्रोल रूम वसुंधरा पुलिस चौकी पर बनाया जाएगा। यहां से फीड कलेक्ट्रेट पर भेजी जाएगी। इसके साथ फीड मेल पर भी ट्रांसफर की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.