गाजियाबाद में आज रात से भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’, कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्ट
कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद में आज रात से भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। बसों के लिए 5 अगस्त से नया ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा। पढ़ें पूरी रूट लिस्ट।
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आज रात से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दिल्ली की ओर से गाजियाबाद शहर में आने वाले भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन रोड नंबर-56 चौधरी चरण सिंह मार्ग, गाजीपुर मंडी, एनएच-नौ, डासना इंटरसेक्शन से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे या अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएंगे। बागपत से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन ट्रॉनिका सिटी, सोनिया विहार और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर गुजरेंगे।
हापुड़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहन डासना पुल, लालकुआं और आत्माराम स्टील प्लांट तिराहे से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे और उन्हें एनएच-नौ से निकाला जाएगा। लोनी बॉर्डर से लोनी कस्बे, संतोष मेडिकल कट से मेरठ तिराहा, गौर ग्रीन, खोड़ा, कालापत्थर, सेक्टर-62, छिजारसी और कनावनी पुस्ता से इंदिरापुरम की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
इसके अलावा गंगनहर पटरी, कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, एनएच-34 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भोजपुर और हापुड़ से आने वाले वाहन मोदीनगर तथा डीएमई की ओर नहीं जा सकेंगे। सौर ऊर्जा मार्ग से साहिबाबाद अंडरपास होकर जीटी रोड की ओर भी यातायात बंद रहेगा।
बसों के लिए भी पांच अगस्त से नई व्यवस्था
कांवड़ यात्रा के दौरान बसों के संचालन के लिए भी पांच अगस्त से नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। सीमापुरी बॉर्डर, तुलसी निकेतन, आनंद विहार और कौशांबी से शहर में बसों का प्रवेश बंद रहेगा। सभी बसों को रोड नंबर-56, गाजीपुर मंडी, यूपी गेट, एनएच-नौ, डासना इंटरसेक्शन, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा।
मदद के लिए फोन करें
यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9643322904 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नगर नियंत्रण कक्ष 9643208942, ट्रांस हिंडन नियंत्रण कक्ष 9643204440, ग्रामीण नियंत्रण कक्ष 8939436700 तथा कांवड़ सेल प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह के मोबाइल 7017652500 पर भी आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।